छत्तीसगढ़

Lightning Strike: आकाशीय बिजली गिरने से गैरेज में खड़े हाइवा में लगी आग

अंबिकापुर। शहर के खरसिया चौक स्थित राजधानी बॉडी गैरेज में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से मरम्मत के लिए खड़े एक हाइवा में आग लग गई। बिजली गिरते ही हाइवा के केबिन में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में केबिन धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे आसपास खड़े अन्य वाहनों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

बुधवार दोपहर बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे गैरेज में खड़े हाइवा पर गिरी। इसके बाद केबिन में आग लग गई और देखते ही देखते अंदर का हिस्सा पूरी तरह जल गया। आग इतनी तेज थी कि गैरेज में मौजूद लोग कुछ देर के लिए दहशत में आ गए।

अन्य वाहनों तक पहुंच सकती थी आग

घटना के समय गैरेज में मरम्मत के लिए कई ट्रक और हाइवा खड़े थे। आग तेजी से फैलने के कारण चालक और कर्मचारी वाहनों को हटाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। प्राथमिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने से आग लगने की पुष्टि हुई है। आग से हाइवा के केबिन का भीतरी हिस्सा, सीट, डैशबोर्ड और वायरिंग पूरी तरह जल गई।

Related Articles

Back to top button