
राजधानी रायपुर में इन दिनों क्रिकेट का माहौल पूरी तरह सिर चढ़कर बोल रहा है। चाय दुकानों से लेकर दफ्तरों और कॉलेजों तक हर जगह सिर्फ मुकाबलों की चर्चा सुनाई दे रही है। जैसे ही टिकट बिक्री शुरू हुई, लोगों ने मोबाइल और लैपटॉप पर बुकिंग के लिए धावा बोल दिया।
कई क्रिकेट प्रेमियों ने दावा किया कि टिकट खुलते ही वेबसाइट पर भारी दबाव (IPL Tickets) बढ़ गया और देखते ही देखते ज्यादातर सीटें खत्म हो गईं। दूसरी तरफ शहर में अब ऊंचे दामों पर टिकट बेचने वालों की भी चर्चा तेज हो गई है, जिससे आम दर्शकों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है।
10 मई के मुकाबले को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह IPL Tickets
10 मई को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले बड़े मुकाबले के लिए जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। दूसरे चरण की टिकट बिक्री शुरू होते ही हजारों लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग की कोशिश की।
2600 से लेकर 8000 रुपए तक की कीमत वाले टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो गए। खासकर 2600 और 2700 रुपए वाली टिकटों की मांग सबसे ज्यादा रही और करीब 3000 टिकट तेजी से बिक गए।
पहले चरण में स्टेडियम की आगे की अधिकांश सीटें पहले ही भर चुकी थीं। इसी वजह से दूसरे चरण में पीछे की सीटों की टिकटें ज्यादा उपलब्ध थीं। इसके बावजूद महंगी श्रेणी की टिकट भी देर शाम तक लगभग खत्म हो गईं।
दूसरे मुकाबले में अभी बाकी हैं सीटें (IPL Tickets)
13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के लिए दर्शकों का उत्साह थोड़ा कम नजर आ रहा है। अब तक करीब 60 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं, जबकि लगभग 40 प्रतिशत सीटें अभी भी उपलब्ध बताई जा रही हैं।
टिकटों की कालाबाजारी ने बढ़ाई मुश्किल
मुकाबलों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी तेजी से फैलती दिख रही है। शहर में एजेंट और दलाल ऊंचे दामों पर टिकट बेचने में जुटे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक करीब 3000 रुपए कीमत वाला टिकट 6000 रुपए या उससे अधिक में बेचा जा रहा है। लोअर और अपर स्टैंड की टिकटें 5500 से 8000 रुपए तक पहुंच गई हैं। वहीं प्रीमियम ए और बी स्टैंड के टिकट 16000 रुपए तक में बेचे जाने की चर्चा है। इस स्थिति के कारण आम दर्शकों के लिए टिकट हासिल करना और ज्यादा कठिन हो गया है।
मुंबई की टीम पहुंची, कप्तान नहीं दिखे
10 मई के मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और नमन धीर समेत कई खिलाड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से सीधे होटल रवाना हुए।
एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में फैंस खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। हालांकि टीम के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या नजर नहीं आए। ऐसे में समय पर नहीं पहुंचने की स्थिति में सूर्यकुमार यादव के कप्तानी संभालने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल टीम नवा रायपुर स्थित मेफेयर होटल में ठहरी हुई है।
विराट के साथ 9 मई को पहुंचेगी बेंगलुरु टीम IPL Tickets
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 9 मई को रायपुर पहुंचेगी। विराट कोहली भी टीम के साथ आएंगे और टीम यहां दोनों मुकाबलों की तैयारी करेगी। गर्मी को ध्यान में रखते हुए अभ्यास सत्र शाम के समय रखा गया है। सुरक्षा कारणों से अभ्यास देखने के लिए दर्शकों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। होटल परिसर में भी फैंस के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर खास नजर (IPL Tickets)
दोनों मुकाबलों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम और होटल के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी तरह की परेशानी न हो।



