सहसपुर लोहारा में 48 लाख रुपये से बने एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण

रायपुर. कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड में प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। नए भवन के शुरू होने से राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जनता के काम समय पर पूरे हों और प्रशासन में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनी रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं को जनता का सेवक मानकर कार्य करें तथा कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। राजस्व मामलों के समयबद्ध निराकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार और ग्राम मोतिमपुर से मंदिर तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 47 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, कवर्धा में बिलासपुर और रायपुर रोड से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर में बनाए गए किसान सदन में किसानों एवं नागरिकों के बैठने के लिए कुर्सियों, टेलीविजन और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे कार्यालयीन कार्यों के लिए आने वाले लोगों को इंतजार के दौरान सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।



