CG Weather Update: मौसम शुष्क होने से बढ़ने लगी ठंड, बदलेगा मौसम

CG Weather Update: रायपुर. राजधानी समेत प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दोपहर में तेज धूप अभी भी चुभ रही है, लेकिन देर रात से सूर्योदय तक हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम में यह बदलाव शुष्क परिस्थितियों के बीच देखने को मिल रहा है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने की संभावना है। यहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
वहीं, बिलासपुर समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की बदली छाने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क बना हुआ है। विभाग के मुताबिक, कोमोरिन क्षेत्र से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होकर समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों, विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, वज्रपात और बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। शेष क्षेत्रों में हल्की बदली छा सकती है।



