छत्तीसगढ़

तोखन साहू की पहल पर उदयपुर-शालीमार सुपरफास्ट के बढ़ेंगे फेरे

बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल पर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उदयपुर सिटी-शालीमार-उदयपुर सिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के फेरों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी।

रेल मंत्री की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार गाड़ी संख्या 20971/20972 उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो पेंड्रा रोड और बिलासपुर होते हुए संचालित होती है, के परिचालन में वृद्धि की गई है। इससे बिलासपुर, पेंड्रा रोड समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष पहल की थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन के परिचालन को सप्ताह में दो दिन करने की मंजूरी दी। फेरे बढ़ने से नियमित यात्रियों, व्यापारियों और दूसरे शहरों में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बिलासपुर से राजस्थान, ओडिशा और शालीमार क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण मानी जाती है। सप्ताह में दो दिन ट्रेन मिलने से यात्रियों के लिए यात्रा की योजना बनाना आसान होगा और अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम हो सकता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की पहल और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्णय पर क्षेत्रवासियों ने आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button