छत्तीसगढ़

पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला करने के चार आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस की कार्रवाई

कोटा. पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 26 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोमल साहू और नितेश साहू के साथ उसका करीब एक वर्ष से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आए दिन लड़ाई-झगड़े होते थे।

प्रार्थी के मुताबिक, 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह अपनी पिकअप गाड़ी की मरम्मत कराने शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि नितेश साहू ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जिसके बाद कोमल साहू ने गला काटकर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से तीन-चार बार वार किया। प्रार्थी ने हाथों से वार रोकने का प्रयास किया। वहीं, गिरिजा शंकर दुबे ने लकड़ी के डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में कोमल साहू (22 वर्ष), नितेश साहू (26 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 09, डोंगरीपारा कोटा; देवेंद्र साहू (21 वर्ष), निवासी डोंगरीपारा कोटा; और गिरिजा शंकर दुबे (32 वर्ष), निवासी पड़ावपारा कोटा को गिरफ्तार किया है।

चाकू, डंडा और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, एक लकड़ी का डंडा तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BQ 7102 जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू, आरक्षक धर्मेंद्र साहू (192), सोम कुमार उइके (491), जलेश्वर साहू (252) और मोहन सिंह ध्रुव (654) की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button