कबीर नगर में महिला समेत दो चिट्टा तस्कर गिरफ्तार, 9 लाख की हेरोइन जब्त

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कबीर नगर पुलिस ने महिला सहित दो आरोपियों को हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री करते गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 9 लाख 53 हजार 100 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को कबीर नगर पुलिस ने नहर रोड स्थित फोर व्हीलर वाशिंग सेंटर, रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई की। इस दौरान हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार में संलिप्त दो आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन समेत अन्य सामग्री बरामद हुई।

तरुण बजाज पहले भी जा चुका है जेल
गिरफ्तार आरोपियों में तरुण बजाज (31), निवासी सिमरन सिटी फेस-5, टिकरापारा और खुशी गभाने (21), निवासी टीचर कॉलोनी, दुर्गा फैंसी स्टोर के पास, कोटा, सरस्वती नगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तरुण बजाज पूर्व में भी डीडी नगर थाने के चिट्टा संबंधी मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह दोबारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया गया।
मोबाइल और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 9.17 लाख रुपये है, के अलावा एक एप्पल आईफोन-11, एक ओप्पो मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। सभी जब्त सामग्री की कुल कीमत 9,53,100 रुपये बताई गई है।
मामले में थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी ऐसे कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।



