छत्तीसगढ़

दीपक टंडन पर आठवीं एफआईआर, कोल माइन में काम दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी का आरोप

रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड लगाने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस तरह उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या आठ हो गई है। ताजा दोनों मामलों में रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक और उसके मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, गुलशन वाटिका सेजबहार निवासी श्याम सिंह ठाकुर रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप का संचालन करते हैं। वर्ष 2022 में होटल वेलकम श्री में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने के दौरान उनकी पहचान दीपक टंडन से हुई थी। इसके बाद दीपक ने कोरबा की कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का प्रस्ताव रखा। उसने बड़े मंत्रियों और अधिकारियों से अपनी नजदीकी होने का दावा कर श्याम सिंह को भरोसे में लिया। शिकायत के मुताबिक, जून 2022 में होटल वेलकम श्री में मैनेजर विकास कुमार नागले की मौजूदगी में उसे 31 लाख रुपये नकद दिए गए।

लंबे समय तक काम नहीं मिलने पर श्याम सिंह ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर दीपक ने 3 अगस्त 2022 को 31 लाख रुपये का यश बैंक का चेक दिया। श्याम सिंह ने जब बैंक में चेक के संबंध में जानकारी ली तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस से की।

मैनेजर को भी बनाया निशाना

इसी तरह रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के मैनेजर विकास कुमार नागले ने भी दीपक के खिलाफ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की है। विकास की मुलाकात भी वर्ष 2022 में श्याम सिंह के माध्यम से दीपक से हुई थी। आरोप है कि दीपक ने उन्हें कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का भरोसा दिया। जुलाई 2022 में श्याम सिंह की मौजूदगी में विकास से 25 लाख रुपये नकद लिए गए। रकम की सुरक्षा के लिए यश बैंक का चेक भी दिया गया था।

काफी समय गुजरने के बाद भी काम नहीं मिलने पर विकास ने रकम वापस मांगी। आरोप है कि दीपक ने टालमटोल शुरू कर दी। बैंक में चेक के संबंध में जानकारी लेने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद विकास ने भी तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर धोखाधड़ी के अपराध दर्ज किए हैं।

पहले छह मामलों में भी लग चुके हैं गंभीर आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में छह मामले सामने आ चुके हैं। इनमें एआई से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर खबरें प्रकाशित करने, सरकारी सील तोड़ने और धमकी देने, जमीन व रेस्टोरेंट के सौदे में धोखाधड़ी, लग्जरी कार बेचने के नाम पर रकम लेने और कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर पैसे लेने जैसे आरोप शामिल हैं।

दीपक के खिलाफ पहले दर्ज छह मामले

  1. बिलासपुर: 29 अक्टूबर 2026 को दर्ज एफआईआर क्रमांक 798/2026 में आरोप है कि एआई की मदद से शिकायतकर्ता की तस्वीर को तांत्रिक वेशभूषा में दिखाकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित की गईं।
  2. रायपुर: आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर सरकारी सील तोड़ने, होटल परिसर में प्रवेश करने और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
  3. रायपुर: करीब 16,500 वर्गफीट जमीन और वीआईपी रोड स्थित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट का 1.16 करोड़ रुपये में सौदा कराने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप है। शिकायत में 36 लाख रुपये से अधिक के भुगतान का उल्लेख है।
  4. रायपुर: वर्ष 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने और वाहन नहीं देने का आरोप लगाया गया है।
  5. सक्ती: कारोबारी किशन शर्मा ने सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा देकर 15 लाख रुपये लेने की शिकायत की थी।
  6. कोरबा (दीपका): अंकित सिंह ने 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, रकम लौटाने के लिए दिया गया पांच लाख रुपये का चेक बैंक में पहले से होल्ड था।

Related Articles

Back to top button