छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Material Bank Model : छत्तीसगढ़ के ‘मटेरियल बैंक मॉडल’ का दिल्ली में डंका! ‘डीलर दीदी’ को मिली राष्ट्रीय पहचान

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल ‘मटेरियल बैंक मॉडल’ को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सराहना मिली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत विकसित इस मॉडल की प्रशंसा करते हुए इसे ग्रामीण आवास निर्माण को गति देने वाला एक प्रभावी नवाचार बताया। इस उच्च स्तरीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने किया।

क्या है मटेरियल बैंक और ‘डीलर दीदी’ मॉडल

छत्तीसगढ़ में विकसित मटेरियल बैंक मॉडल का संचालन पूरी तरह से स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जिन्हें “डीलर दीदी” के रूप में पहचान मिली है। इस मॉडल के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को घर निर्माण के लिए जरूरी सामग्री (जैसे ईंट, सीमेंट, छड़ आदि) एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीणों के लिए आवास निर्माण का कार्य अधिक सुगम, तेज और किफायती हो गया है।

10 हजार से अधिक महिलाएं बन रहीं ‘लखपति दीदी’

इस अनूठी पहल से न केवल आवास निर्माण को रफ्तार मिली है, बल्कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आय में भी जबरदस्त वृद्धि हुई है। राज्य में 10,000 से अधिक दीदियां इस मॉडल के जरिए ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं। राष्ट्रीय सम्मेलन में इस मॉडल को महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक बेहतरीन उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

राज मिस्त्री प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नवाचार का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आरसेटी (RSETI) तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के कार्यों की भी सराहना की। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में आरसेटी के माध्यम से पिछले वित्तीय वर्ष में पूरे देश में सर्वाधिक राज मिस्त्रियों को प्रशिक्षित करने का रिकॉर्ड बनाया गया है।

राष्ट्रीय सराहना से बढ़ेगा उत्साह: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास, कौशल उन्नयन और गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना प्रदेश के जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है, जिससे राज्य को भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button