Nava Raipur के सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 704 फ्लैट, 119 करोड़ की परियोजना का आज शिलान्यास
Nava Raipur Flat Scheme: रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए आवासीय परियोजनाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया जा रहा है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी मंगलवार 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की ओर से विकसित की जा रही इस परियोजना में विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए आधुनिक और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना, स्वच्छ वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी तथा शासकीय और निजी कार्यालयों के विस्तार के चलते आवासों की मांग लगातार बढ़ रही है। (Nava Raipur Flat Scheme)
29.20 एकड़ में बनेंगे 348 भवन
सेक्टर-12 फेस-2 में शेष 29.20 एकड़ भूमि पर एचआईजी और एमआईजी श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन आवासों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपए से 85.17 लाख रुपए तक निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार बढ़ती मांग के कारण इस परियोजना को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह है।
704 नए फ्लैट का भी होगा निर्माण (Nava Raipur Flat Scheme)
परियोजना के आगामी चरण में 704 नए फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें 128 एचआईजी, 320 एमआईजी और 256 एलआईजी श्रेणी के फ्लैट शामिल होंगे। इन आवासों का प्रस्तावित बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख रुपए से 40.47 लाख रुपए तक रखा गया है। इससे अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को नवा रायपुर में आवास का विकल्प मिलेगा।
सेक्टर-27 और 29 में पहले बन चुके हैं हजारों आवास
गृह निर्माण मंडल नवा रायपुर में योजनाबद्ध तरीके से आवासीय कॉलोनियों का विकास कर रहा है। वर्ष 2007 में सेक्टर-27 की 154 एकड़ भूमि पर पहली आवासीय कॉलोनी शुरू की गई थी। यहां 2665 स्वतंत्र भवन और फ्लैट का निर्माण पूरा कर आबंटियों को सौंपा जा चुका है।
इसके बाद वर्ष 2011 में सेक्टर-29 की 145 एकड़ भूमि पर 3012 स्वतंत्र भवन और फ्लैट का निर्माण किया गया, जिन्हें भी आबंटियों को प्रदान किया जा चुका है। अब सेक्टर-12 फेस-2 में नई परियोजना के विस्तार से नवा रायपुर में आवासीय सुविधाओं का दायरा और बढ़ेगा।
ये खबरें भी जरूर पढ़ेंः
- रेलवे स्टेशन पर एआई से अजनबी मुसाफिर भी बन जाएंगे स्टेशन के एक्सपर्ट
- नशीली टेबलेट बेचने ग्राहक तलाश रहा अपचारी बालक पकड़ाया
- बरसात के बाद सड़कों और पुलों के निर्माण को मिलेगी रफ्तार, 672 करोड़ रुपए से अधिक के 24 कार्यों की निविदा मंजूर
- नाखूनों में मिले डीएनए से खुला दो साल पुरानी हत्या का राज
- लगातार 8 हफ्ते की गिरावट, 26 लाख करोड़ रुपये डूबे



