छत्तीसगढ़राजनीति

दिल्ली से लौटे छग के 45 कांग्रेस विधायक, मोर्चाबंदी फेल होने से बदले सुर

रायपुर/नवप्रदेश। MLA Returned : छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी विधायक सोमवार शाम रायपुर लौट गए हैं। सभी 45 विधायक एक विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। जहां विधायक कुलदीप जुनेजा और विकास उपाध्याय ने इन सभी विधायकों का स्वागत एयर पोर्ट पर किया।

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के नेतृत्व में ये सभी 45 विधायक दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली में सभी विधायक करीब एक सप्ताह रहे,लेकिन इनकी मुलाकात पार्टी के किसी भी बड़े नेता से नहीं हुई। यहाँ तक कि प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से भी विधायकों की भेंट नहीं हुई।

प्रदेश में चल रहे ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर ही ये सभी विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पक्ष रखने दिल्ली (MLA Returned) गए थे। लेकिन हासिल कुछ नहीं आया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सोमवार को दिल्ली पहुंचे लेकिन इन विधायकों से उन्होंने ने भी मुलाकत नहीं की। जिसके बाद सभी विधायक घर लौट आए हैं।

हाईकमान से मिलने की अनुमति नहीं मिलने के बाद इनकी रणनीति और दावा दोनों ही फेल हो गए। पार्टी आलाकमान पंजाब समस्या और उसके बाद अब लखीमपुर खीरी मामले में व्यस्त होने के कारण छत्तीसगढ़ के विधायकों को सुनने का समय ही नहीं दिया।

रायपुर लौटकर आये विधायकों (MLA Returned) के सुर बदले नजर आये। विधायक बृहस्पत सिंह ने ढाई-ढाई साल वाले फार्मूले पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि ये विपक्ष का षड्यंत्र है। लेकिन कांग्रेस का कुछ नहीं बिगड़ सकते। वहीं अधिकतर विधायक दिल्ली दौरे को निजी दौरा बताकर मीडिया से कन्नी काटते नजर आए। कुछ ही विधायक जो नए हैं उन्होंने ही कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए लॉबिंग करने दिल्ली वरिष्ठ विधायकों के बोलने पर गए थे।

खैर, अभी भी ये माना जा रहा है कि इनकी वापसी के साथ ही अब ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के मसले पर अल्प विराम लगा है। लेकिन फिर ये आग कब सुलगेगी ये तो समय ही बताएगा।

Related Articles

Back to top button