Stray Cattle : बेसहारा मवेशियों के स्थायी ठिकाने पर सरकार का बड़ा जवाब, विधानसभा में खुला पूरा सच
छत्तीसगढ़ की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे बेसहारा मवेशियों को लेकर लोगों के बीच लंबे समय से चिंता (Stray Cattle) बनी हुई है। सड़क हादसों से लेकर खेतों में फसलों के नुकसान तक, इस मुद्दे पर गांव और शहर दोनों जगह लगातार चर्चा होती रही है। विधानसभा के भीतर भी यही चिंता गूंजती दिखाई दी, जहां जनप्रतिनिधियों ने सरकार से स्थायी समाधान को लेकर जवाब मांगा।
सदन की कार्यवाही के दौरान माहौल उस समय गंभीर हो गया जब बेसहारा पशुओं की व्यवस्था पर सवाल उठे। किसानों की परेशानी, आम लोगों की सुरक्षा और मवेशियों के संरक्षण को लेकर कई बातें सामने आईं। सरकार ने अपने लिखित जवाब में स्पष्ट किया कि फिलहाल सड़कों पर घूम रहे लावारिस मवेशियों को स्थायी रूप से रखने के लिए किसी नई योजना पर विचार नहीं किया जा रहा है।
गोधन योजना और नंदीशाला का दिया गया हवाला Stray Cattle
विभागीय मंत्री ने सदन को बताया कि प्रदेश में 6 अगस्त 2025 से गोधन योजना के साथ पंजीकृत गौशालाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा मनरेगा मद के तहत नंदीशाला निर्माण का प्रावधान मौजूद है, लेकिन इनके निर्माण की कोई तय समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
विधायक ने बिलासपुर जिले का मांगा पूरा ब्यौरा
प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने बिलासपुर जिले में संचालित कंजी हाउस, गौशालाओं और गौठानों की संख्या की जानकारी मांगी। साथ ही उन्होंने वर्ष 2023 से जून 2026 तक चारा और पानी की कमी के कारण मवेशियों की मौत के आंकड़े तथा स्थायी समाधान के लिए सरकार की भविष्य की योजना पर भी सवाल किया।
सरकार ने रखे आधिकारिक आंकड़े
सरकार की ओर से मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि बिलासपुर जिले में इस समय एक भी कंजी हाउस संचालित नहीं है। जिले में केवल छह पंजीकृत गौशालाएं और दो गौठान मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2023 से जून 2026 के बीच भूख या प्यास के कारण किसी भी मवेशी की मौत का कोई मामला सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं है।
ब्लॉकवार व्यवस्था की तस्वीर Stray Cattle
सरकार द्वारा सदन में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार बिल्हा विकासखंड के मंगला और सिरगिट्टी ग्राम पंचायत में दो शहरी गौठान संचालित हैं। इसी क्षेत्र के बोड़ी और पौंड़ी में जय गुरुदेव गौशाला, हरी गौशाला और कृष्ण गौशाला पंजीकृत हैं, जबकि हरदी कला क्षेत्र में ऐसी कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
मस्तूरी विकासखंड में तरौद स्थित मां मुण्डेश्वरी गौशाला और ओखर की वासुदेव गौशाला संचालित हो रही हैं। वहीं कनकपुर खपरा और जोंधरा में बेसहारा पशुओं के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं है।
तखतपुर विकासखंड के लाखासार में कामधेनु गौशाला संचालित (Stray Cattle) की जा रही है। दूसरी ओर कोटा विकासखंड की स्थिति सबसे कमजोर बताई गई, जहां वर्तमान में न कंजी हाउस है, न गौठान और न ही कोई पंजीकृत गौशाला संचालित हो रही है। इसकी पुष्टि सरकार ने अपने लिखित जवाब में भी की।



