Sawan Last Somwar 2026: बिलासपुर। सावन माह का अंतिम सोमवार 24 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर सहित आसपास के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, हवन-पूजन और विशेष श्रृंगार किया जाएगा। कई मंदिरों में भोग और भंडारे का भी आयोजन होगा।
भगवान शिव की आराधना और कृपा प्राप्ति के लिए श्रद्धालु व्रत रखकर चावल, बेलपत्र, जल, दूध, दही, घी, मधुरस और गंगाजल से अभिषेक करेंगे। कई स्थानों पर पार्थिव शिवलिंग बनाकर विशेष पूजा-अभिषेक किया जाएगा। वहीं परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए श्रद्धालु रुद्राभिषेक भी कराएंगे।
अंतिम सोमवार पर बनेंगे चार शुभ संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. संतोष तिवारी के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के साथ प्रीति और आयुष्मान योग का संयोग बन रहा है। सुबह 11:59 बजे से दोपहर 12:47 बजे तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा।
प्रीति योग सुबह 7:04 बजे तक रहेगा। इसके बाद आयुष्मान योग शुरू होगा, जो पूरे दिन रहने की बात कही गई है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार आयुष्मान योग में की गई पूजा-अर्चना से दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सकारात्मकता की प्राप्ति होती है।
इसके अलावा सूर्य और बुध की युति से बुधादित्य योग तथा कर्क राशि में गुरु की स्थिति से हंस राजयोग बनने की भी मान्यता है। इन शुभ संयोगों के कारण सावन के अंतिम सोमवार को शिव आराधना के लिए विशेष फलदायी माना जा रहा है।
श्री पीतांबरा पीठ में महारुद्राभिषेक महायज्ञ
सुभाष चौक, सरकंडा स्थित श्री पीतांबरा पीठ त्रिदेव मंदिर में पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. दिनेश महाराज के सान्निध्य में सावन महोत्सव के चौथे वर्ष के तहत महारुद्राभिषेकात्मक महायज्ञ जारी है। यह आयोजन 28 अगस्त तक चलेगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का महारुद्राभिषेक और आराधना कर रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक श्री शारदेश्वर पारदेश्वर महादेव का नमक-चमक वैदिक मंत्रों के साथ महारुद्राभिषेक किया जा रहा है। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे महाआरती होगी। अंतिम सोमवार को यहां विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
- A question mark over the fairness of the election: चुनाव की निष्पक्षता पर सवालिया निशान
- The Growing Threat of Brain Drain : प्रतिभा पलायन का बढ़ता खतरा
- India has rejected OIC’s remarks: भारत ने ओआईसी तथाकथित टिप्पणियों को स्पष्ट रूप से किया खारिज
- Smriti Irani CG Prabhari: स्मृति ईरानी बनीं छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी, सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी
- Colonel CK Nayudu Trophy: छत्तीसगढ़ के वरुण और मयंक का ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ टीम में चयन
