Road Accident in Korba : खड़े ट्रेलर से बस की टक्कर, 7 की दर्दनाक मौत, 3 घायल, CM ने गहरा दुख व्यक्त किया

Road Accident in Korba
कोरबा/नवप्रदेश। Road Accident in Korba : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मडई घाट के पास सड़क पर खड़े एक ट्रेलर और बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है और तीन घायल हो गए। घटना सुबह करीब चार बजे की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी संतोष सिंह ने इस घटना की जानकारी दी है।
कार से बचने की कोशिश में हुआ हादसा
कोरबा के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि दुर्घटना बांगो थाना क्षेत्र के मडई घाट के पास सुबह करीब चार बजे हुई जब एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस राज्य की राजधानी रायपुर से सरगुजा जिले की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक विपरीत दिशा से आ रही कार से टक्कर से बचने का प्रयास कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि बस ने खड़े ट्रेलर (Road Accident in Korba) को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि बस के सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा के बांगो थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे पर मड़ई घाट के समीप आज सुबह हुई दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिवार जनों को आवश्यक सहयोग और घटना में घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। रायपुर से सीतापुर, अंबिकापुर की ओर जाने वाली बस के एक खड़ी ट्रेलर के टकरा जाने से यह हादसा हुआ। बघेल ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।