छत्तीसगढ़

Illegal Sand Storage : नदी से निकली रेत का बड़ा खेल बेनकाब

Reporter Sahil Raj Lehre

बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रेत (Illegal Sand Storage) कारोबार पर प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। ग्राम सोठी में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद रेत कारोबारियों में हलचल देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच भी इस कार्रवाई की चर्चा है, क्योंकि एक ही स्थान पर बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण मिलने से अवैध गतिविधियों पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण को लेकर प्रशासन पहले से ही निगरानी बढ़ाए हुए है। इसी कड़ी में संयुक्त टीम की जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उसने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी।

ग्राम सोठी में 450 घन मीटर अवैध रेत भंडारण जब्त

कलेक्टर जन्मेजय महोबे की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तहसील क्षेत्र बम्हनीडीह के ग्राम सोठी में संयुक्त जांच की गई। जांच के दौरान लगभग 450 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पूरे भंडारण को जब्त कर लिया। बताया गया कि यह मात्रा करीब 150 ट्रैक्टर रेत के बराबर है।

अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई

संयुक्त टीम ने पिपरदा रेत (Illegal Sand Storage) घाट क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान एक ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पाया गया। अधिकारियों ने तत्काल वाहन को जब्त कर थाना बम्हनीडीह के सुपुर्द कर दिया। वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं

प्रशासनिक टीम ने भंडारण स्थल पर उपलब्ध दस्तावेजों, अभिलेखों और संचालन गतिविधियों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि रेत भंडारण निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं था। इसके बाद पंचनामा तैयार कर रेत को राजसात कर लिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

वर्षा ऋतु में रेत उत्खनन पर है प्रतिबंध

प्रशासन के अनुसार भारत सरकार की Sustainable Sand Mining Guidelines-2016 और Enforcement and Monitoring Guidelines-2020 के तहत वर्षा ऋतु के दौरान नदीय रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर सघन जांच और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है।

अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

अधिकारियों ने बताया कि जिले के संवेदनशील रेत घाटों, परिवहन मार्गों और भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां भी शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल जांच कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

वर्जन

“क्षेत्र के संवेदनशील रेत घाटों, परिवहन मार्गों एवं भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां से भी शिकायत मिल रही है वहां तत्काल जांच कर कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी अवैध रेत कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।”

शशिभूषण सोनी
तहसीलदार, बम्हनीडीह

Related Articles

Back to top button