छत्तीसगढ़

Raipur Overbridge : राजधानी में आज खत्म होगा लंबा इंतजार, कचना ओवरब्रिज खुलते ही ट्रैफिक से मिलेगी राहत

रायपुर में शुक्रवार को सुबह से ही कचना ओवरब्रिज को लेकर लोगों के बीच चर्चा (Raipur Overbridge) तेज रही। रोजाना जाम से परेशान रहने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में खास उत्साह नजर आया। कई लोग मौके के आसपास पहुंचकर तैयारियों को देखते रहे तो वहीं इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को उम्मीद है कि अब घंटों फंसने की परेशानी कम होगी।

शाम को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर इलाके में हलचल बनी हुई है। प्रशासनिक अमला भी लगातार व्यवस्था संभालने में जुटा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने के कारण अक्सर लंबी कतार लग जाती थी और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण : Raipur Overbridge

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार शाम कचना ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस ओवरब्रिज का निर्माण करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पुल शुरू होने के बाद इस पूरे मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में ज्यादा व्यवस्थित और तेज हो जाएगा।

निर्माण में हुई देरी

शासन की ओर से मार्च 2022 में इस परियोजना के लिए 48.78 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सितंबर 2023 में निर्माण कार्य का आदेश जारी किया गया।

अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन रेलवे लाइन के ऊपर स्लैब और गर्डर लगाने के साथ ड्राइंग डिजाइन की मंजूरी समय पर नहीं मिलने से काम प्रभावित हुआ। लंबे इंतजार के बाद अब निर्माण पूरा कर लिया गया है।

लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

शंकरनगर और खम्हारडीह मार्ग पर दिनभर भारी आवाजाही बनी (Raipur Overbridge) रहती है। इसके साथ रायपुर वाल्टेयर रेललाइन पर लगातार ट्रेनों का संचालन होने से कई बार रेलवे फाटक बंद करना पड़ता था।

फाटक बंद होने के दौरान लंबा जाम लग जाता था और लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब ओवरब्रिज शुरू होने से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शाम को बदला रहेगा ट्रैफिक रूट

लोकार्पण कार्यक्रम के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग जारी किया है। अनुपम नगर की तरफ से आने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोका रतन और बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचना की ओर जा सकेंगे। वहीं कचना से लौटने वाले वाहन दूसरे डायवर्ट रूट का इस्तेमाल करेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर ही इस रूट का उपयोग करें और समय से पहले निकलें ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button