छत्तीसगढ़

Pendra Road Accident : कॉलेज जाते समय ट्रक की चपेट में आई छात्रा, मौके पर मौत

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएससी की छात्रा की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्रा अपने पिता के साथ बाइक से कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी। सोन नदी पुल पर हुए इस हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अमझर निवासी गायत्री सिंह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शनिवार को उसकी परीक्षा थी। पिता कृपाल सिंह सुबह उसे बाइक से पेंड्रा कॉलेज परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहे थे। दोनों जैसे ही कोटमी चौकी क्षेत्र के सोन नदी पुल के पास पहुंचे, उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल पर ट्रक ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के बेहद करीब पहुंच गई। कुछ ही सेकंड में पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गायत्री सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल कृपाल सिंह को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे चालक की तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

परीक्षा देने निकली बेटी की मौत से गांव में मातम

गायत्री सिंह की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव अमझर पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की होनहार बेटी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परीक्षा देने निकली छात्रा की सड़क हादसे में मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button