Mohan Yadav Ayodhya Bypass Project : अयोध्या बायपास बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, 7,871 पेड़ों के बदले लगाए जाएंगे 80 हजार पौधे

भोपाल में अयोध्या बायपास परियोजना को विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलित मॉडल के रूप में विकसित (Mohan Yadav Ayodhya Bypass Project) किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार आधुनिक सड़क एवं परिवहन नेटवर्क के विस्तार के साथ हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अयोध्या बायपास चौड़ीकरण परियोजना के दौरान जिन 7,871 वृक्षों की कटाई होगी, उनकी प्रतिपूर्ति के लिए करीब 80 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें से 10 हजार पौधे अयोध्या बायपास के दोनों ओर लगाए जाएंगे, जिससे यह मार्ग भविष्य में एक ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा।
बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए जरूरी हुआ चौड़ीकरण : Mohan Yadav Ayodhya Bypass Project
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और एनएचएआई अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि अयोध्या बायपास की वर्तमान क्षमता करीब 40 हजार वाहनों प्रतिदिन की है, जबकि इस मार्ग पर रोजाना लगभग 45 हजार वाहन गुजर रहे हैं। ऐसे में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बायपास का चौड़ीकरण जरूरी हो गया है।
झिरनिया और झगरिया खुर्द में भी होगा पौधरोपण
परियोजना के तहत झिरनिया और झगरिया खुर्द क्षेत्रों में लगभग 70 हजार पौधे लगाए जाएंगे। आगामी मानसून में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा, जिससे भोपाल क्षेत्र के हरित आवरण में वृद्धि होगी।
15 साल तक एनएचएआई करेगा देखभाल
रोपे जाने वाले पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी अगले 15 वर्षों तक एनएचएआई (Mohan Yadav Ayodhya Bypass Project) निभाएगा। इसके लिए करीब 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह पहल पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के साथ सतत विकास को भी बढ़ावा देगी।
पेयजल व्यवस्था पर नहीं पड़ेगा असर
परियोजना के दौरान भोपाल की पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए एनएचएआई और भोपाल नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। पाइपलाइन शिफ्टिंग सहित सभी तकनीकी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



