ट्रेंडिंगमनोरंजन

Kriti Sanon Rakhi Ad Controversy: ‘बिकिनी में भाई को राखी क्यों बांधोगी?’: कृति सैनन के विज्ञापन पर बोलीं कंगना

Kriti Sanon Rakhi Ad Controversy: मुंबई। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक आभूषण ब्रांड के लिए अदाकारा कृति सैनन (Kriti Sanon) के नए विज्ञापन पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि यह विज्ञापन ”जानबूझकर असहज करने वाला” लगता है। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि कोई लड़की अपने भाई को बिकिनी पहनकर राखी क्यों बांधेगी? इस विज्ञापन में सैनन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हुई दिख रही हैं, जबकि उनका पालतू कुत्ता उन्हें देख रहा है। इसके बाद वह कुत्ते के पैर पर भी एक राखी बांधती हैं। इस वीडियो को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने पारंपरिक त्योहार के दौरान उनके कपड़ों के चुनाव को लेकर आलोचना की और कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई।

एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने

लिखा, “कृति सैनन (Kriti Sanon) ब्रा जैसा परिधान पहनकर राखी बांध रही हैं। पहले नग्नता इतनी आम नहीं थी।” सैनन के नए आभूषण विज्ञापन में उनकी बिना आस्तीन वाली पोशाक को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया है। कुछ लोगों ने इसे अश्लील करार दिया, जबकि कुछ ने कहा कि अभिनेत्री ने जो पहना है उसमें कुछ भी गलत नहीं है।

हम यह बताना कब बंद करेंगे कि महिलाओं को क्या पहनना है: कृति

राखी के अवसर पर जारी अपने नए विज्ञापन में आधुनिक परिधान को लेकर ऑनलाइन आलोचना का सामना कर रहीं अभिनेत्री कृति सैनन (Kriti Sanon)  ने मंगलवार को कहा कि भले ही वर्षों में पारंपरिक फैशन में बदलाव आया है, लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है। Kriti Sanon ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर साझा एक नोट में कहा, ‘संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं…. साथ ही, महिलाओं को यह बताना हम कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए??’ उन्होंने कहा, ‘वर्षों में पारंपरिक फैशन विकसित हुआ है लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से मापा जाता है।’

कृति सैनन के समर्थन में उतरे राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक विज्ञापन के चलते विवादों में घिरीं अभिनेत्री कृति सैनन का बचाव करते हुए मंगलवार को कहा कि अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए महिलाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का पहनावा, उनका काम और कहीं आने-जाने का फैसला उनका अधिकार है। राहुल गांधी ने कृति सैनन की ‘इंस्टाग्राम’ स्टोरी अपने अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, ‘महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह उनकी पसंद है। महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।’ उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ‘स्मैश द पैट्रिआर्की’ (पितृसत्ता को खत्म करें) हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

Related Articles

Back to top button