रायपुर। आईएएस ट्रांसफर (IAS Transfer) को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश के तहत राज्य के 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हुआ है, जहां कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह विजय दयाराम के. को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, जिला पंचायत महासमुंद और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

दो महीने में बदले गए GPM कलेक्टर
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें करीब दो महीने पहले ही जिले का कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन अब उनका तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. (IAS) को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
हेमंत नंदनवार को मिली तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की जिम्मेदारी
IAS 2020 बैच के अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सुमित अग्रवाल बने SUDA के CEO
IAS 2021 बैच के अधिकारी सुमित अग्रवाल, जो अब तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त थे, उन्हें अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) बनाया गया है। वे इस पद पर रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे।
अनुपमा आनंद को मिला प्रमोशन
IAS 2023 बैच की अधिकारी अनुपमा आनंद, जो वर्तमान में सरायपाली (महासमुंद) में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पदोन्नत करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल आगामी प्रशासनिक जरूरतों और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



