बलौदाबाजार जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिले। रोजगार मेले में 13 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए गए, जबकि 43 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में पांच निजी कंपनियों ने 234 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिए। कुल 476 युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया था, जिनमें से 147 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए।
जिला रोजगार कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने सेल्स, डाटा एंट्री ऑपरेटर, मैनेजर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, अकाउंटेंट, सिक्योरिटी गार्ड, बेबीसिटर, सुपरवाइजर और हाउस कीपिंग सहित कई पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की। चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित कंपनियों में उपस्थित होकर आगे की औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच कंपनियों ने की भर्ती प्रक्रिया
रोजगार मेले में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) बलौदाबाजार, ऋषभ वेंचर्स, किरण एग्रीकल्चर, यूनिक्स सॉल्यूशन प्रा. लि. रायपुर और आश्रव फाउंडेशन एंड सिक्योरिटी रायपुर ने भाग लिया। इन सभी कंपनियों ने कुल 234 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। ऑनलाइन आवेदन करने वाले 476 युवाओं में से 147 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पहुंचे, जिनमें से 43 का प्राथमिक चयन किया गया।
13 युवाओं को मिला ऑन द स्पॉट ऑफर लेटर
ऋषभ वेंचर्स बलौदाबाजार ने 13 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया, जिनमें से 9 युवाओं को मेला स्थल पर ही ऑफर लेटर सौंप दिए गए। वहीं यूनिक्स सॉल्यूशन प्रा. लि. रायपुर ने 9 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया और 4 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए। इस तरह कुल 13 युवाओं को रोजगार मेले में ही नियुक्ति का अवसर मिल गया।
एलआईसी और अन्य कंपनियों में भी हुआ चयन
भारतीय जीवन बीमा निगम बलौदाबाजार में अभिकर्ता, डाटा एंट्री ऑपरेटर और मैनेजर के पदों के लिए 49 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें 9 का प्राथमिक चयन किया गया।
किरण एग्रीकल्चर बलौदाबाजार में सेल्स, कंप्यूटर ऑपरेटर और अकाउंटेंट के पदों के लिए 24 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें 6 का प्राथमिक चयन हुआ।
आश्रव फाउंडेशन एंड सिक्योरिटी रायपुर में बेबीसिटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और हाउस कीपिंग के पदों के लिए 6 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया और सभी 6 का प्राथमिक चयन कर लिया गया।
एक सप्ताह में पूरी होगी अंतिम प्रक्रिया
सभी कंपनियों ने प्राथमिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित संस्थानों में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति से जुड़ी अंतिम प्रक्रिया पूरी की जा सके।
रोजगार मेले के दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली ने नियोजकों और युवाओं से रोजगार के अवसरों और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर रोजगार विभाग और कौशल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।



