छत्तीसगढ़

Fuel Supply : पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, पर्याप्त व्यवस्था : सीएम विष्णु देव साय

राज्य में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच सरकार ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर अचानक मांग बढ़ने के कारण अस्थायी रूप से पेट्रोल पंपों पर दबाव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में एक-दो दिन के लिए कहीं-कहीं ईंधन की कमी या पंप ड्राई होने जैसी स्थिति सामने आ सकती है, लेकिन यह स्थायी समस्या नहीं है। आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

सरकार ने कहा है कि जनता घबराकर अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करे। अधिकारियों का मानना है कि पैनिक खरीदारी की वजह से कृत्रिम संकट जैसी स्थिति बनती है, जबकि वास्तविकता में प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि तेल कंपनियों और प्रशासन के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि सभी जिलों में नियमित आपूर्ति बनी रहे। साथ ही लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। सरकार ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Related Articles

Back to top button