Development Projects : आरंग को 128 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री साय ने स्टॉप डैम समेत कई विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन (Development Projects) किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई नई विकास योजनाओं की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने ग्राम रीवा में चार करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, समोदा स्कूल में अहाता, पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण और ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
समोदा और रीवा को मिली नई सौगात Development Projects
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत रीवा में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
सरकार ने अधिकांश गारंटियां पूरी कीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को सरकार ने ढाई वर्षों के भीतर पूरा किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक कर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ नागरिक सेवाओं को अधिक सरल और पारदर्शी बनाया गया है।
सेवा सेतु और हेल्पलाइन से मिल रही राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित (Development Projects) की गई है। सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक ‘मोर बिजली’ मोबाइल एप या वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
858 करोड़ के विकास कार्यों का दावा
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन की नई दिशा स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधारोपण किया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नौवीं की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित (Development Projects) किया। कार्यक्रम में चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



