छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से किया हमला

अंबिकापुर। शहर के दर्रीपारा में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्ध पर शनिवार शाम आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उन्हें घर के भीतर खींचकर ले जाने का प्रयास किया और फिर बाहर निकालकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। हमले में कांग्रेस नेता के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की है। गुरप्रीत सिंह सिद्ध कार से उतरकर घर के सामने पहुंचे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों से बचने के लिए वह घर के भीतर चले गए, लेकिन आरोपी घर में घुस गए और उन्हें खींचकर बाहर ले आए। इसके बाद करीब 10 से 15 मिनट तक लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल कांग्रेस नेता को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के कई नेता भी अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर रोष जताया। देर रात तक अस्पताल से लेकर मणीपुर थाना तक गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।
भाजपा नेता पर हमला कराने का आरोप
कांग्रेस नेता ने एक भाजपा नेता पर हमला कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर हमले के पीछे शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। मणीपुर पुलिस ने नामजद सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन भी जब्त किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
मोहल्लेवासियों में बदमाशों को लेकर दहशत
घटना के बाद दर्रीपारा के रहवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर चिंता जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मारपीट करने वाले बदमाश लंबे समय से क्षेत्र में आतंक मचा रहे हैं। कई आरोपियों के खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज होने की बात कही जा रही है। रहवासियों का कहना है कि घर में घुसकर मारपीट और अन्य घटनाएं होने के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े हुए हैं।
पत्नी बचाने के लिए मचाती रही शोर
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आधा दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडों से कांग्रेस नेता के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हमलावर कार और बुलेट से मौके पर पहुंचे थे। घटना के दौरान कांग्रेस नेता की पत्नी लगातार शोर मचाकर हमलावरों को रोकने और मदद के लिए गुहार लगाती रही। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 मिनट तक हमलावरों ने जमकर मारपीट की। इस दौरान कुछ आरोपी आसपास निगरानी करते रहे। कांग्रेस नेता के गिरने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
चार आरोपी गिरफ्तार
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मणीपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, शशिकांत ठाकुर सहित पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने साहिल साहू (22), आयुष बरला (20), सुनील साहू (47) और अनिल चटर्जी उर्फ संजू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दर्रीपारा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशाखोरी बढ़ने के साथ मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाओं में भी इजाफा होता है। कई लोग डर के कारण पुलिस तक शिकायत करने से भी बचते हैं। ऐसे में रहवासियों ने क्षेत्र में सख्त पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



