छत्तीसगढ़

Balrampur Road Accident : अनियंत्रित डंपर घर में घुसा, तीन लोग घायल, चार गायों की मौत

बलरामपुर जिला मुख्यालय में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा (Balrampur Road Accident) हो गया। संयुक्त जिला कार्यालय से कुछ ही दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जबकि घर में बंधी चार गायें गिट्टी के नीचे दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

दीवार तोड़ते हुए घर में घुसा डंपर

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिट्टी से भरा डंपर अंबिकापुर से रामानुजगंज की ओर जा रहा था। संयुक्त जिला कार्यालय के समीप चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद डंपर सड़क किनारे स्थित रविंद्र शर्मा के मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसा। हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के लोग इसकी चपेट में आ गए।

तीन लोग घायल, चार गायों की मौके पर मौत

दुर्घटना के समय घर के भीतर रविंद्र शर्मा (40), उनकी पत्नी सुनीता शर्मा (35) और पुत्र प्रिंस शर्मा (12) मौजूद थे। हादसे में तीनों घायल हो गए। वहीं डंपर के पलटने के साथ उसमें भरी गिट्टी घर के हिस्से और वहां बंधी चार गायों पर गिर गई। दुर्घटना (Truck Accident) में चारों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

घटना की जानकारी मिलते ही बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी तत्काल जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर घटनास्थल (Balrampur News) पहुंचीं और प्रभावित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार की महिला सदस्य लालमुनि से भी मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

प्रशासन ने शुरू की सहायता, पुलिस जांच में जुटी

जिला प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस जांच (Road Accident Investigation) में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button