छत्तीसगढ़

Amera Mine Clash : अमेरा खदान के विस्तारीकरण को लेकर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प, दोनों पक्षों के लोग घायल

अंबिकापुर एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र स्थित अमेरा खदान के विस्तारीकरण को लेकर बुधवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि दोनों पक्षों के बीच (Amera Mine Clash) झड़प हो गई, जिसमें ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थर भी चले। घटना से पूरे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

लखनपुर ब्लॉक के अमेरा खदान का विस्तारीकरण लंबे समय से विवाद में है। ग्रामवासियों का आरोप है कि विस्तारीकरण से ग्रामीणों की जमीन, पर्यावरण और आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। स्थानीय लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं, जिसके कारण खदान में उत्पादन की प्रक्रिया कई महीनों से बाधित है। बुधवार को खदान के खुले क्षेत्र के विस्तारीकरण के लिए भारी मशीनरी के साथ एसईसीएल प्रबंधन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा।

वहां पहले से विरोध जताने ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद थी। बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ता गया और देखते ही देखते झूमाझटकी की स्थिति बन गई। स्थिति पर काबू पाने के प्रयास में भागदौड़ के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आईं और पथराव भी हुआ। हंगामे में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें लगने की सूचना है। हालांकि प्रशासन द्वारा किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं की गई है। झड़प के बाद पूरे खदान क्षेत्र में तनाव का माहौल फैल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से अपर कलेक्टर सुनील नायक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस-प्रशासन के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों से बातचीत की कोशिश की तथा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खदान क्षेत्र में अभी भी (Amera Mine Clash) तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है और विस्तारीकरण विवाद को लेकर आगे की कार्रवाई पर विचार कर रहा है।

Related Articles

Back to top button