छत्तीसगढ़

Ambikapur News: कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, अघोषित गोदाम से 242 बोरी यूरिया-DAP जब्त

अंबिकापुर। खरीफ सीजन में उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कार्रवाई करते (Ambikapur News) हुए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड लुंड्रा के ग्राम रघुनाथपुर स्थित मेसर्स शुभम फर्टिलाइजर्स के अघोषित गोदाम पर छापेमारी कर 242 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं। जांच में बिना विभागीय सूचना के बड़ी मात्रा में यूरिया और डीएपी का भंडारण पाया गया, जिसके बाद विभाग ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अघोषित गोदाम में मिला 242 बोरी उर्वरक का भंडारण Ambikapur News

कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने रघुनाथपुर स्थित अघोषित परिसर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 148 बोरी यूरिया और 94 बोरी डीएपी सहित कुल 242 बोरी उर्वरक का अवैध भंडारण मिला।

उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई

निरीक्षण में पाया गया कि प्रतिष्ठान संचालक प्रदीप कुमार गुप्ता ने विभाग को पूर्व सूचना दिए बिना अघोषित परिसर में उर्वरकों का भंडारण किया था, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 का उल्लंघन है। कृषि विभाग ने सभी उर्वरकों को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती जारी

उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता (Ambikapur News) है। अवैध भंडारण, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से की गई यह अपील

कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने की अपील की है। साथ ही अधिक मूल्य वसूली, अवैध भंडारण या जमाखोरी जैसी किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग को देने को कहा है, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button