ALLIANCE CHEMISTRY : राज्यसभा चुनाव ने खोली महागठबंधन की गांठ, कांग्रेस की हार से बढ़ी हेमंत की भूमिका पर चर्चा

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के चुनाव ने इंडिया गठबंधन की सियासी तस्वीर पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी की जीत ने महागठबंधन की केमिस्ट्री (ALLIANCE CHEMISTRY) को कटघरे में खड़ा कर दिया है। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों पर सवाल उठाए हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रणनीति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
81 सदस्यीय विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन था। जेएमएम, कांग्रेस, राजद और माले के संयुक्त आंकड़े दोनों सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त माने जा रहे थे। इसके बावजूद गठबंधन केवल एक सीट ही जीत सका। जेएमएम उम्मीदवार बैजनाथ राम को जीत मिली, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा मुकाबले से बाहर हो गए।
हार के बाद कांग्रेस ने सीधे तौर पर राजद और माले पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने का आरोप लगाया है। झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट रहे और जेएमएम के अतिरिक्त वोट भी मिले, लेकिन सहयोगी दलों का पूरा समर्थन नहीं मिला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि सभी दल साथ खड़े रहते तो परिणाम अलग हो सकता था।
हालांकि चुनावी गणित का दूसरा पक्ष भी सामने आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेएमएम ने अपने उम्मीदवार की जीत के लिए जरूरत से अधिक वोट सुरक्षित रखे। जीत के लिए 28 वोट पर्याप्त थे, लेकिन बैजनाथ राम को 30 वोट मिले। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या कांग्रेस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए बेहतर समन्वय (ALLIANCE CHEMISTRY) किया जा सकता था?
चुनाव नतीजों के बाद गठबंधन सहयोगियों के बीच शुरू हुई बयानबाजी ने यह संकेत दे दिया है कि सब कुछ सामान्य नहीं है। जिस गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में एकजुटता का प्रदर्शन किया था, उसी के भीतर अब अविश्वास और आरोपों की आवाजें सुनाई देने लगी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक राज्यसभा सीट की हार का नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर भरोसे और नेतृत्व की परीक्षा का भी है।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस, जेएमएम, राजद और माले इस विवाद को किस तरह सुलझाते हैं। फिलहाल राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने झारखंड में इंडिया गठबंधन की एकजुटता (ALLIANCE CHEMISTRY) पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।



