छत्तीसगढ़

NO CONFIDENCE MOTION : अब सड़क से सदन तक सरकार को घेरेंगे, अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस : डॉ. चरणदास महंत

छत्तीसगढ़ की राजनीति में आगामी विधानसभा सत्र को लेकर सियासी तापमान बढ़ने लगा है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा सत्र में अविश्वास प्रस्ताव (NO CONFIDENCE MOTION) लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को काम करने के लिए ढाई साल का पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन वह जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी।

खैरागढ़ जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे महंत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि अब कांग्रेस केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी। पार्टी सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरने की रणनीति पर काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है, महंगाई लगातार बढ़ रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

महंत ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से सरकार को काम करने का अवसर दे रहा था, लेकिन अब जनता के मुद्दों पर निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव (NO CONFIDENCE MOTION) के माध्यम से सरकार की नीतियों, कार्यशैली और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस जनता की आवाज को सदन में मजबूती से रखने का काम करेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न वर्गों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। ऐसे में विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाए और सरकार को जवाबदेह बनाए।

महंत के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है। कांग्रेस के इस कदम को सरकार के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े राजनीतिक अभियान (NO CONFIDENCE MOTION) के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें विधानसभा सत्र पर टिकी हैं, जहां अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सियासी संघर्ष और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button