छत्तीसगढ़

AI Mission: एआई के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI Mission) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एआई केवल भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता, दक्षता और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने का प्रभावी माध्यम है। मंत्रालय महानदी भवन में इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने एआई, मोबाइल नेटवर्क विस्तार, भारतनेट फेज-3, सेवा सेतु और विभिन्न डिजिटल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई मिशन (AI Mission) के जरिए युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। सरकार का उद्देश्य केवल नई तकनीक अपनाना नहीं, बल्कि प्रदेश के लोगों को एआई के लिए तैयार करना, व्यवसायों की उत्पादकता बढ़ाना और नागरिकों की आय में वृद्धि करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास और प्रशासन में एआई का व्यापक उपयोग किया जाएगा।

पांच स्तंभों पर होगा एआई मिशन का विस्तार

बैठक में बताया गया कि राज्य में एआई कौशल विकास, नवाचार एवं स्टार्टअप, जागरूकता, सुरक्षित एवं जिम्मेदार एआई तथा शासन में एआई के उपयोग पर आधारित कार्ययोजना तैयार की गई है। स्कूलों में एआई जागरूकता कार्यक्रम, एआई एवं रोबोटिक्स क्लब, हैकाथान, महाविद्यालयों में एआई सर्टिफिकेशन, आईटीआई में एआई लैब और विश्वविद्यालयों में सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। साथ ही एआई मिशन (AI Mission) के तहत डेटा लैब्स, स्टार्टअप और अनुसंधान परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

सुरक्षित एआई और डिजिटल सेवाओं पर जोर

राज्य स्तर पर एआई नीति तैयार की जाएगी, जिसमें डेटा सुरक्षा, नागरिकों की निजता और डीपीडीपी कानून के अनुरूप व्यवस्था विकसित होगी। शासन के विभिन्न विभागों में एआई आधारित निर्णय सहायता प्रणाली लागू की जाएगी तथा नागरिकों को उनकी भाषा में डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भाषिणी प्लेटफार्म का उपयोग किया जाएगा।

मोबाइल नेटवर्क और भारतनेट का विस्तार

समीक्षा बैठक में बताया गया कि पिछले ढाई वर्षों में करीब एक हजार मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जबकि 577 नए टावरों को मंजूरी मिल चुकी है। भारतनेट फेज-3 के तहत 4,114 ग्राम पंचायतों को आधुनिक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर इंटरनेट सुविधा पहुंचेगी।

सेवा सेतु से 39.75 लाख आवेदन

सेवा सेतु पोर्टल पर 36 विभागों की 520 सेवाएं उपलब्ध हैं। एक अप्रैल 2025 से अब तक 39.75 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 37.52 लाख का निराकरण किया गया। बैठक में नवा रायपुर में सेंटर आफ एंटरप्रेन्योरशिप, एआई सेंटर आफ एक्सीलेंस, डेटा लैब्स, सुरक्षा संचालन केंद्र और डिजिटल निगरानी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI Mission) के माध्यम से प्रदेश में आईटी और आईटीईएस क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

Related Articles

Back to top button