छत्तीसगढ़

ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में घूम रहे एक महिला समेत तीन आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14.970 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 48 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाना बताया है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई के स्रोत और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र में तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली कार्यालय के पास कुछ लोग गांजा रखकर बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

घेराबंदी कर पकड़े गए तीनों आरोपी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर से मिले हुलिए के आधार पर एक महिला और दो पुरुषों को चिन्हांकित किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ का प्रयास करने पर तीनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गजेन्द्र पंचाल, नीरज तोमर और शबाना लोधी बताए। उनके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 14.970 किलोग्राम गांजा जब्त कर तीनों को गिरफ्तार किया।

इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 319/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 20(बी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

राजस्थान के रहने वाले हैं दो आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गजेन्द्र पंचाल और नीरज तोमर मूलतः राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी हैं। वहीं, शबाना लोधी रायपुर के संतोषी नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि महिला आरोपी शबाना लोधी पूर्व में महाराष्ट्र के नागपुर में नारकोटिक एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल में निरुद्ध रह चुकी है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. गजेन्द्र पंचाल (34 वर्ष): पिता स्व. निनुआराम, निवासी सेवरखुर्द, थाना सेवर, जिला भरतपुर, राजस्थान।
  2. नीरज तोमर (21 वर्ष): पिता भगवत सिंह, निवासी सेवरलाल मंदिर, धोबी वाली गली, थाना सेवर, जिला भरतपुर, राजस्थान। वर्तमान पता संतोषी नगर, तरुण मार्केट, सतनामीपारा, थाना टिकरापारा, रायपुर।
  3. शबाना लोधी (33 वर्ष): पति नीरज तोमर, निवासी डोमन साहू का किराये का मकान, संतोषी नगर, तरुण मार्केट, सतनामीपारा, थाना टिकरापारा, रायपुर।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। गांजा कहां से खरीदा गया, रायपुर में किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसके लिए पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। बैकवर्ड लिंकेज के जरिए गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और फॉरवर्ड लिंकेज के जरिए संभावित खरीदारों तथा अन्य संपर्कों की पहचान की जा रही है।

एनडीपीएस के 98 मामलों में 215 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अब तक NDPS एक्ट के 98 प्रकरणों में 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 33 लाख 84 हजार 820 रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

Related Articles

Back to top button