छत्तीसगढ़

Ravindra Choubey : छुरिया में कृषि उपज मंडी की विधायक छन्नी साहू ने रखी मांग, मंत्री से की मुलाकात

राजनांदगांव, नवप्रदेश। खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू ने कृषि मंत्री रविंद्र चौबे से मुलाकात कर छुरिया में कृषि उपज मंडी की घोषणा की मांग की है। उन्होंने इस संदर्भ में मांग पत्र सौंपते हुए मंत्री रविंद्र चौबे से आग्रह करते हुए बताया कि, पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने छुरिया स्थित कृषि उपज मंडी का विलय डोंगरगांव में कर दिया था।

इसे लेकर कांग्रेस ने आंदोलन भी किया था। लोगों की मांग है कि छुरिया में कृषि उपज मंडी का पृथक संचालन हो। विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने बताया कि, वर्ष 1984 में छुरिया को कृषि उपज मंडी की सौगात मिली थी। वर्ष 2013 तक इसका अस्तित्व बना रहा, लेकिन पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने इसे कृषि उपज मंडी डोंगरगांव में विलय कर दिया।

पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने इस त्रुटिपूर्ण निर्णय के साथ ही किसानों की भावनाएं पर कुठराघात किया। कृषि उपज मंडी के डोंगरगांव में संचालन के चलते छुरिया इलाके के कई किसानों को सौ किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है।

उन्होंने मंत्री रविंद्र चौबे को जानकारी देते हुए बताया कि छुरिया में अब भी मंडी संचालन हेतु बनाई गई व्यवस्था अब भी दुरुस्त है। यहां भवन व शेड मौजूद है। ऐसे में पुनः यहां कृषि उपज मंडी संचालन के लिए सरकार पर किसी तरह का अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।

साहू ने बताया कि किसानों की यह वर्षों पुरानी मांग है जिसके लिए वे प्रयासरत हैं। हमने इस संबंध में मंत्री जी से विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने इस मांग पर जल्द ही निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

कृषि व पंचायत मंत्री रविंद्र चौबे से विधायक श्रीमती छन्नी साहू की मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता चंदू साहू, छुरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रितेश जैन व विधायक प्रतिनिधि एकनाथ सिन्हा भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button