Food Poisoning : जतरा का प्रसाद खाने के बाद अचानक बिगड़ी लोगों की तबीयत, गांव में मचा हड़कंप

कोंडागांव जिले के ताम्रावंड गांव में जतरा कार्यक्रम के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से इलाके में अफरा तफरी का माहौल (Food Poisoning) बन गया। रविवार सुबह जब कई ग्रामीणों को एक साथ उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी तो गांव में चिंता बढ़ गई। परिजनों ने जल्दबाजी में बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।
बताया जा रहा है कि उड़ीसा में शुक्रवार रात पारंपरिक जतरा कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके बाद शनिवार को ताम्रावंड गांव में भी धार्मिक आयोजन और पूजा अर्चना की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को प्रसाद और भोजन भी वितरित किया गया था।
19 लोगों की तबीयत बिगड़ने से मचा हड़कंप : Food Poisoning
ग्रामीणों के मुताबिक प्रसाद और भोजन ग्रहण करने के कुछ समय बाद लोगों को परेशानी शुरू हुई। देखते ही देखते कई लोग बीमार पड़ गए जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ने पर करीब 19 लोगों को एंबुलेंस और दूसरे वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकड़ी लाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटा
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। डॉक्टरों ने सभी मरीजों की जांच शुरू की और प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल में भर्ती लोगों में कुछ मरीजों की हालत ज्यादा खराब बताई जा रही थी। गांव में फिलहाल लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।
एक महिला की हालत ज्यादा बिगड़ी
डॉक्टर भौमिक ने बताया कि मरीज उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन, सिर दर्द और पेट दर्द जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल (Food Poisoning) पहुंचे थे। उनके मुताबिक सबसे पहले गंभीर मरीजों का इलाज शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि एक महिला की हालत ज्यादा खराब थी और उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए कोंडागांव रेफर किया गया।
बाकी मरीजों की हालत में सुधार
डॉक्टरों के अनुसार बाकी मरीजों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और उनकी हालत में धीरे धीरे सुधार (Food Poisoning) हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग अब पूरे मामले की जांच कर रहा है ताकि बीमारी की असली वजह सामने आ सके।



