
कर्नाटक की राजनीति में बुधवार को पूरे दिन हलचल भरा माहौल (Karnataka CM Change) बना रहा। सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं के बीच राजधानी में लगातार बैठकों का दौर चलता रहा और राजनीतिक गलियारों में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गईं। कांग्रेस नेताओं की गतिविधियों पर सबकी नजर बनी रही।
सूत्रों से मिली जानकारी के बाद यह साफ माना जा रहा है कि राज्य में जल्द बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद अब डीके शिवकुमार के नाम को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
कल इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया : Karnataka CM Change
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने राज्यपाल से मिलने का समय भी मांगा है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से उन्हें पद छोड़ने के संकेत दिए गए थे। इसके बाद इस्तीफे की तैयारी शुरू हो गई।
डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक अब डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह 30 मई को नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। मंगलवार को कांग्रेस नेतृत्व के साथ हुई बैठकों में भी इसी मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक में पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री भी बना सकती है। इसमें अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग से नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। संभावित नामों में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल बताया जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की ओर से ही लिया जाएगा।
राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे सिद्धारमैया
जानकारी यह भी सामने आई है कि सिद्धारमैया राज्यसभा जाने के इच्छुक (Karnataka CM Change) नहीं हैं। पार्टी नेतृत्व के साथ हुई चर्चा के बाद उन्होंने अपने अगले कदम पर फैसला लेने की बात कही थी।
कांग्रेस नेतृत्व के साथ हुई अहम बैठक
मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में अहम बैठक हुई थी। इसमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार समेत कई बड़े नेता शामिल हुए थे।
मंत्री ने कहा फैसला हाईकमान करेगा
कर्नाटक सरकार के मंत्री एन एस बोसराजू ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा और मंत्रिमंडल में क्या बदलाव होगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने कहा कि पूरी तस्वीर जल्द साफ हो जाएगी।



