Raipur Mowa Firing : राजधानी में पारिवारिक विवाद ने उजाड़ दिया घर, इलाज के दौरान दूसरी साली ने भी तोड़ा दम, पहली की गोली लगते ही हो गई थी मौत

मोवा पंडरी इलाके में बुधवार सुबह फिर उसी घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही, जहां देर रात चली गोली ने पूरे मोहल्ले को हिला दिया था। अस्पताल से आने वाली हर खबर पर परिवार के लोग नजर टिकाए बैठे थे। आसपास के लोग आपस में बस यही चर्चा करते दिखे कि दूसरी घायल युवती की हालत आखिर कैसी है।
सुबह होते होते माहौल और भारी हो गया। अस्पताल में भर्ती दुर्गेश्वरी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस खबर के सामने आते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। इलाके में देर रात हुई घटना को लेकर अब भी डर और सन्नाटा बना हुआ है। अब इस मामले में दो युवतियों की मौत हो चुकी है।
पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला Raipur Mowa Firing
जानकारी के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा का मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों से मुलाकात नहीं होने को लेकर काफी नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया।
गुस्से में सालियों पर चलाई गोली
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और घर में मौजूद दोनों सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब तीन राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। गोली लगते ही दोनों युवतियां गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया था, जबकि दुर्गेश्वरी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी।
अस्पताल में चल रहा था इलाज
घायल दुर्गेश्वरी का अस्पताल में इलाज जारी था, लेकिन बुधवार सुबह उसने भी जिंदगी की जंग हार दी। दूसरी मौत के बाद पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। इलाके में लोग इस घटना को लेकर तरह तरह की बातें करते नजर आए।
आरोपी ने थाने पहुंचकर किया समर्पण
घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और समर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपी के कब्जे से पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वारदात के समय आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उत्तर जोन के डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद गोली चलने की घटना हुई है। आरोपी जितेंद्र वर्मा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों सालियों को गोली मार दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।



