छत्तीसगढ़

गजब : नेताओं की व्यस्तता और गुटबाजी की वजह से सात बार टला उद्घाटन कार्यक्रम, आखिर मरीज बना ‘मुख्य अतिथि’

  • नेताओं की व्यस्तता और गुटबाजी की वजह से मरीज हो रहे थे परेशान
  • नेताओं का इंतजार करता रहा सीटी स्कैन, मरीज ने किया उद्घाटन
  • सात बार टला उद्घाटन कार्यक्रम, नवप्रदेश ने उठाया था प्रमुखता से मुद्दा

मुंगेली । मुंगेली के जिला अस्पताल में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से लगी सीटी स्कैन मशीन महीनों से तैयार खड़ी थी, लेकिन उसका उद्घाटन सिर्फ इसलिए अटका रहा क्योंकि मंत्री, सांसद और विधायक के आने का इंतजार किया जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान पूरे सात बार उद्घाटन कार्यक्रम टाल दिया गया। इस बीच मरीज परेशान होते रहे, लेकिन सिस्टम ‘फीता काटने’ के सही मौके का इंतजार करता रहा।

नवप्रदेश ने खबर का प्रकाशन किया, जिसके बाद मामला लगातार सुर्खियों में आया और दबाव बढ़ा, तब स्वास्थ्य विभाग को बिना तामझाम के यह मशीन शुरू करनी पड़ी। 2 अप्रैल को एक मरीज के हाथों ही इसका उद्घाटन कर दिया गया, जो अपने आप में सिस्टम पर एक करारा तमाचा माना जा रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इससे पहले भी आपात स्थिति में कुछ मरीजों का सीटी स्कैन किया जा चुका था। यानी मशीन चालू थी, जरूरत भी थी, लेकिन औपचारिक उद्घाटन के नाम पर उसे पूरी तरह शुरू नहीं किया जा रहा था। मरीजों की जरूरत से ज्यादा अहमियत ‘नेताओं की मौजूदगी’ को दी गई, लेकिन नेताओं की गुटबाजी और वर्चस्व की वजह से मरीज परेशान हो रहे थे।

कम खर्च पर मिली सुविधा

उद्घाटन के पहले ही दिन पांच मरीजों की जांच की गई। बेमेतरा से आए लकवा पीडि़त संतोष साहू का तत्काल सीटी स्कैन कर इलाज शुरू किया गया, जिससे साफ है कि यह सुविधा कितनी जरूरी थी। फिलहाल, मशीन शुरू होने से मुंगेली और आसपास के लोगों को राहत जरूर मिली है। अब उन्हें जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और कम खर्च में सुविधा मिल सकेगी।

मरीजों को मिलेगा लाभ

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस सुविधा से स्थानीय मरीजों को निजी केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे ने कहा कि आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधा जिले में ही उपलब्ध होगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पुष्पा सिदार, डॉ. शिवपाल सिंह सिदार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button