छत्तीसगढ़शहर

Marine Drive : मरीन ड्राइव की हालत देखकर आखिर क्यों सख्त हुए अधिकारी, 15 दिनों में बड़ा बदलाव लाने का आदेश

रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में इन दिनों बढ़ती गंदगी और तालाब की खराब हालत को लेकर लोगों के बीच लगातार (Marine Drive) चर्चा चल रही थी। सुबह और शाम घूमने पहुंचने वाले लोग भी सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे थे। इसी बीच सोमवार को इलाके में अचानक प्रशासनिक हलचल तेज हो गई जब उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा खुद मौके पर पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान तालाब किनारे फैली गंदगी और जलकुंभी की स्थिति देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। मरीन ड्राइव पहुंचे अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का जायजा लिया और कई जरूरी निर्देश मौके पर ही दिए गए। इसके बाद इलाके में कार्रवाई को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

देवार डेरा क्षेत्र को लेकर दिए गए निर्देश : Marine Drive

निरीक्षण के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने तालाब किनारे बसे देवार डेरा इलाके की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र का तकनीकी सर्वे जल्द कराया जाए। साथ ही वहां रह रहे लोगों के दूसरे स्थान पर व्यवस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए क्षेत्र खाली कराने के निर्देश भी दिए गए।

15 दिनों में जलकुंभी हटाने का अल्टीमेटम

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तालाब की सफाई कर रहे ठेकेदार को फटकार लगाते हुए अगले 15 दिनों के भीतर तेलीबांधा तालाब को जलकुंभी से मुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर तालाब की सफाई की जाए और लगातार निगरानी रखी जाए ताकि मरीन ड्राइव क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।

दुकानदारों को दी गई सख्त चेतावनी

नगर निगम ने मरीन ड्राइव के आसपास संचालित दुकानदारों को भी सख्त निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि सभी दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य (Marine Drive) कराया जाए। इसके साथ ही गीला और सूखा कचरा अलग अलग देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार तालाब में कचरा फेंकता मिला या नियमों का पालन नहीं करता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन 3 कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में मरीन ड्राइव की सफाई व्यवस्था में कितना सुधार दिखाई देता है।

Related Articles

Back to top button