छत्तीसगढ़

Kumhari Toll Plaza : कुम्हारी टोल से राहत का इंतजार बढ़ा… भारतमाला प्रोजेक्ट की डेडलाइन एक साल आगे, जानिए क्यों अटके काम

रायपुर। राजधानी रायपुर से दुर्ग-भिलाई को जोड़ने वाले कुम्हारी टोल प्लाजा से छुटकारे का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। भारतमाला परियोजना (Bharatmala Project) के तहत चल रहे प्रमुख सड़क प्रोजेक्ट तय समय से करीब एक साल पीछे खिसक गए हैं। इसके चलते जून 2026 तक कुम्हारी टोल प्लाजा बंद करने की योजना अब पूरी होती नजर नहीं आ रही है।

दुर्ग-आरंग बायपास परियोजना के पूरा होने के बाद कुम्हारी टोल प्लाजा को हटाने की योजना बनाई गई थी। यह काम इसी साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन परियोजना की समयसीमा बढ़ने के कारण टोल बंद होने की तारीख भी आगे बढ़ गई है।

Bharatmala Project में देरी से बढ़ा इंतजार

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ में कई बड़े सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें दुर्ग-आरंग बायपास और रायपुर-विशाखापट्नम इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रमुख हैं।

रायपुर-विशाखापट्नम इकोनॉमिक कॉरिडोर का काम भी अब मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार, कई परियोजनाओं में अंडरपास, पुल और अन्य संरचनाओं के निर्माण में बदलाव होने के कारण काम की समयसीमा बढ़ाई गई है।

एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि डिजाइन में बदलाव, निर्माण कार्यों की बढ़ी हुई लंबाई और तकनीकी कारणों के चलते परियोजनाओं को अतिरिक्त समय देना पड़ा है। इसका सीधा असर वाहन चालकों पर पड़ रहा है।

दुर्ग-आरंग बायपास में बढ़ा पुल और अंडरपास का काम

कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने के लिए दुर्ग-आरंग बायपास का पूरा होना जरूरी है। इस परियोजना में कई कारणों से देरी हुई है।

प्रमुख कारणों में शिवनाथ नदी पर पुल की लंबाई बढ़ना, व्हीकल अंडरपास की संख्या में वृद्धि और कनेक्टिंग सड़कों के निर्माण को शामिल किया गया है। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों ने भी परियोजना की रफ्तार प्रभावित की है।

दिल्ली में अटका तीन फ्लाईओवर का प्रस्ताव

राजधानी रायपुर में प्रस्तावित तीन बड़े फ्लाईओवर का प्लान भी अभी नई दिल्ली में मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

एनएचएआई द्वारा तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक पर फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है। हाल ही में लोक निर्माण विभाग के सचिव ने इन परियोजनाओं को लेकर एनएचएआई अधिकारियों से जानकारी मांगी थी।

राज्य सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन के लंबित मामलों की जानकारी उच्च कार्यालयों को भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि इनका जल्द समाधान कराया जा सके।

ब्लैक स्पॉट खत्म करने पर भी जोर

नए सड़क प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट खत्म करने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार इकोनॉमिक कॉरिडोर में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

राष्ट्रीय राजमार्गों के मानकों के अनुसार ब्रेकर, कनेक्टिंग रोड, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

इन वजहों से बढ़ी परियोजना की समयसीमा

दुर्ग-आरंग बायपास में शिवनाथ नदी पुल की लंबाई बढ़ाई गई
व्हीकल अंडरपास की संख्या बढ़ी
केशकाल घाटी बायपास में सड़क के साथ दो बड़े पुलों का निर्माण
एनएचएआई और राज्य की कनेक्टिंग सड़कों को जोड़ने की योजना
भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामले

Related Articles

Back to top button