Kabir Jayanti Mahotsav 2026 : कबीर जयंती पर बड़ा ऐलान! छत्तीसगढ़ में 3 महीने बढ़ी ‘बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत सोमवार को राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लेकर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 3 महीने बढ़ी
महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ की अवधि को आगामी तीन महीनों के लिए और बढ़ाया जाएगा। इस फैसले से बकायादार उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
समाज से पाखंड और कुरीतियां मिटाने के लिए हुआ कबीर का अवतार
कबीरपंथ के प्रख्यात संत गुरु असंग देव ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने के लिए अवतार लिया। उन्होंने वर्तमान समाज में घटते संवाद और आपसी प्रेम पर चिंता जताई। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एक समय नक्सलवाद के कारण जिन क्षेत्रों में जाना कठिन था, वहां अब शांति स्थापित हो चुकी है और विकास की गंगा बह रही है।
संत कबीर की वाणी आज पहले से ज्यादा प्रासंगिक : राज्यपाल
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संत कबीर ने सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज और राष्ट्र के लिए पथप्रदर्शक है। आज जब समाज सामाजिक विभाजन और नैतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब संत कबीर की वाणी पहले से अधिक प्रासंगिक है। राज्यपाल ने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कबीर के आदर्शों से मजबूत होगी समरसता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है। उनका खुद का बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, जिसका उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवासों की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 10 लाख से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब समेत बड़ी संख्या में विधायक, जनप्रतिनिधि और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित थे।



