Congress Election Defeat Claim : राहुल बाबा थकिये नहीं, अभी तो आप यहां भी हारेंगे चुनाव : शाह

Congress Election Defeat Claim

Congress Election Defeat Claim

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी (Congress Election Defeat Claim) पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि राहुल बाबा हार से थकिये नहीं, क्योंकि कांग्रेस का आगामी तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भी हारना तय है।

शनिवार को अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल जनता की पसंद और भावनाओं का लगातार विरोध करता है, तो उसे वोट कैसे मिल सकते हैं। राहुल गांधी को यह सरल तर्क समझाना मेरी क्षमता से बाहर है, क्योंकि कांग्रेस के नेता भी इसे समझने में असफल रहे हैं।

शाह (Congress Election Defeat Claim) ने कहा कि हाल ही में लोकसभा में हुई बहस के दौरान राहुल गांधी ने उनसे एक अजीब सवाल किया कि हर बार चुनाव सिर्फ उनकी पार्टी ही क्यों हारती है। उन्होंने कहा कि यह सवाल मुझसे पूछने के बजाय राहुल गांधी को जनता से पूछना चाहिए।

राहुल बाबा, यदि आप मेरी ओर से शुरू की गई इन पहलों और नीतियों को समझेंगे, तो आपको खुद इसका जवाब मिल जाएगा। शाह ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का मूल कारण यह है कि पार्टी जनता के मूल्यों और विश्वासों से जुड़ी हुई है।

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा उन मुद्दों का विरोध किया, जिन्हें देश की जनता ने स्वीकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण, सर्जिकल स्ट्राइक, अनुच्छेद-370 को हटाने, समान नागरिक संहिता, तीन तलाक विरोधी कानून और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान का विरोध किया।

शाह ने सवाल किया कि जब कोई पार्टी जनता की पसंद की चीजों का विरोध करती है, तो फिर उससे वोट की उम्मीद कैसे की जा सकती है। यही कारण है कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है, और यह स्थिति आगे भी बनी रहेगी।

नवी वंजार में भूमि अधिकार सौंपे

इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने नवी वंजार क्षेत्र के 173 निवासियों को भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र भी सौंपे। ये लाभार्थी मूल रूप से साबरमती नदी के किनारे स्थित वंजार गांव के निवासी थे,

जिन्हें वर्ष 1973 की विनाशकारी बाढ़ के बाद नवी वंजार में बसाया गया था। शाह ने कहा कि उस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन पांच दशक बीत जाने के बावजूद इन परिवारों को भूमि का कानूनी अधिकार नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि इन लोगों को 1973 में कांग्रेस शासन के दौरान पुनर्वासित तो किया गया, लेकिन उन्हें कभी स्वामित्व का अधिकार नहीं मिला। भाजपा सरकार ने इन परिवारों की पहचान की और उन्हें भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र देकर लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया।

शाह ने कहा कि इन लोगों ने कभी आंदोलन नहीं किया, न ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अपनी समस्या बताई, फिर भी भाजपा ने उनकी पीड़ा को समझा और समाधान किया। यह मोदी सरकार की विकासोन्मुखी सोच का उदाहरण है।

शाह ने इस अवसर पर पश्चिमी ट्रंक लाइन का उद्घाटन भी किया, जो शेला, दक्षिण बोपाल, शांतिपुरा और थलतेज जैसे नव विकसित इलाकों के लिए एक महत्वपूर्ण जल निकासी नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।

भारतीयों में आत्मविश्वास जगाना पीएम मोदी की बड़ी उपलब्धि

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के मन से हीन भावना को दूर करना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि अब तक 29 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है, जो भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की जटिल समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने की क्षमता उन्हें एक महान नेता बनाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में मलेरिया के मामलों में 97 प्रतिशत तक कमी आई है और देश जल्द ही इस बीमारी से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शाह ने कहा कि यही सुशासन और विकास की राजनीति भाजपा की असली ताकत है, जिसे जनता बार-बार अपना समर्थन दे रही है।

You may have missed