Chhattisgarh CM Helpline Number : छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई पहल, जल्द शुरू होगा ‘CM हेल्पलाइन’, सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ सकेंगे प्रदेशवासी

छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार अब जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने (Chhattisgarh CM Helpline Number) जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि प्रदेश में बहुत जल्द ‘सीएम हेल्पलाइन नंबर’ की शुरुआत की जाएगी।
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यह नंबर 24 घंटे और सातों दिन (24/7) सक्रिय रहेगा, जिससे राज्य का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत किसी भी समय दर्ज करा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने जशपुर प्रवास पर रवाना होने से पहले मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी सीधी कार्रवाई और समय-सीमा का बंधन (Chhattisgarh CM Helpline Number)
सीएम हेल्पलाइन केवल एक शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं होगा, बल्कि इसके पीछे एक कड़ा मॉनिटरिंग सिस्टम काम करेगा। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि हेल्पलाइन पर आने वाली हर समस्या के समाधान के लिए एक निश्चित समय-सीमा (डेडलाइन) तय की जाएगी।
यदि संबंधित विभाग का कोई अधिकारी तय समय के भीतर शिकायत का समाधान नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। शासन की मंशा साफ है कि फाइलों को लटकाने और आम आदमी को दफ्तरों के चक्कर लगवाने वाली पुरानी परिपाटी को अब पूरी तरह खत्म किया जाए।
विधानसभा सत्र और चुनावी दौर पर मुख्यमंत्री का कड़ा प्रहार
मीडिया से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने केवल प्रशासनिक सुधारों पर ही बात नहीं की, बल्कि राजनीतिक मुद्दों पर भी विपक्षी दलों (Chhattisgarh CM Helpline Number) को घेरा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी विशेष सत्र और महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस ने इसमें अड़ंगे लगाए।
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल चुनाव के संदर्भ में उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की जनता टीएमसी के कुशासन से तंग आ चुकी है और राज्य में भारी आक्रोश (Chhattisgarh CM Helpline Number) व्याप्त है। अपने हालिया बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए सीएम साय ने विश्वास जताया कि इस बार वहां की जनता बदलाव के लिए वोट करेगी और भाजपा की सरकार बनेगी।



