Air Ambulance Service : एयर एंबुलेंस सेवा का सीएम हेमंत सोरेन ने किया शुभारंभ, जानिए कैसे होगा उपलब्ध, तरीका है आसान

Air Ambulance Service : एयर एंबुलेंस सेवा का सीएम हेमंत सोरेन ने किया शुभारंभ, जानिए कैसे होगा उपलब्ध, तरीका है आसान

रांची, नवप्रदेश। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन राज्य के लिए महत्‍वपूर्ण है। राज्य के आम नागरिकों को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘एयर एम्बुलेंस सेवा’ का शुभारंभ किया गया है। राज्य में स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्‍वपूर्ण कदम (Air Ambulance Service) है।

आज जहां एक तरफ हम विकास के नये आयाम को छू रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कोरोना जैसी महामारी हमारे सामने आपदा के रूप में चुनौती बनकर आई है। कोरोना ने हमें आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ करने की अहमियत को बताया है। कोरोना के अलावा भी हमें कई नई एवं गंभीर बीमारियों के बारे में विभिन्न स्रोतों से जानकारी मिलती रहती है।

इन बीमारियों से लड़ने के लिए हम राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने का प्रयास कर रहे हैं। कई ऐसी बीमारियां भी हैं, जिनमें बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर जाना जरूरी हो जाता है। कई बार जिन्दगी और मौत का फासला काफी कम होता है, ऐसी परिस्थिति में सड़क मार्ग अथवा रेल मार्ग से मरीज को ले जाने में काफी कठिनाई होती है।

आकस्मिकता की स्थिति में यदि बीमार व्यक्ति को समय पर इलाज सुलभ हो जाए तो कई जाने बचाई जा सकती (Air Ambulance Service) है। इन्हीं बातों को ध्यान में रख कर आज इस ‘एयर एम्बुलेंस सेवा’ का शुभारम्भ किया गया है। उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 28 अप्रैल को बिरसा मुंडा हवाईअड्डा स्थित स्टेट हैंगर में झारखंड की जनता के लिए पहली बार एयर एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

आम जनता को भी मिलेगा एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा का उपयोग सिर्फ जो पैसे दे सकते वही कर पाएंगे ऐसा नहीं है, इसमें आवश्यकतानुसार जो पैसे नहीं भी दे सकता है, उसको भी एयर एंबुलेंस के माध्यम से ले जाने और स्वास्थ सेवा उपलब्ध कराने की मंशा हमारी सरकार की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनेता हो, सरकारी कर्मचारी हो या आम नागरिक सबके लिए स्वास्थ्य सेवा एक समान होना चाहिए।

यहां बड़े पैमाने पर लोग एयर एंबुलेंस का उपयोग कर दूसरे राज्यों में बेहतर चिकित्सा के लिए जाते (Air Ambulance Service) हैं। कभी-कभी ऐसी परिस्थिति उत्पन्न होती है, जहां समय का अभाव रहता है। इसमें समय के अभाव को कम करने का यह प्रयास रहा है। यह प्रयास सिर्फ दूसरे राज्य के इलाज के लिए सीमित नहीं है, इसके आगे और कड़ियां जुड़नी शेष है।

राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि जगह-जगह सड़क के किनारे हेलीपैड बने और भीषण सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को ससमय अस्पताल पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जितनी चुनौती भी हम लोग देख रहे हैं उन चुनौतियों से कैसे निपटा जाए। समस्याओं का निराकरण कैसे हो।

इस पर सरकार गंभीरता से नजर रख रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर प्रयास करने की सोच सरकार ने राज्य वासियों के समक्ष रखा है और उम्मीद करते हैं कि इस इस सेवा से कई लोगों की जान सुरक्षित होगी। यह एयर एंबुलेंस सेवा राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी सामाजिक आधारभूत संरचना को विकसित करने के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है तथा इस दिशा में हम निरंतर प्रयत्नशील हैं, ताकि आमजनों के जीवन में गुणवत्ता लाई जा सके। एयर एम्बुलेंस की सेवा हमारे इसी गंभीर प्रयास का परिणाम है।

सस्ती एवं सर्वसुलभ सेवा उपलब्ध कराना लक्ष्य

हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी तक राज्य के आम नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में “एयर एम्बुलेंस सेवा” प्राप्त करने के लिए काफी जद्दोजहद करना पड़ता था। कोई ऐसा डेडिकेटेड सेल नहीं था, जहां सम्पर्क स्थापित कर आसानी से एयर एम्बुलेंस की सेवा प्राप्त की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली, मुम्बई, हैदराबाद, चेन्नई जैसे महानगरों में एयर एम्बुलेंस सेवा प्रदाता से सम्पर्क स्थापित कर काफी मशक्कत के बाद राज्य में एयर एम्बुलेंस उपलब्ध हो पाता था। साथ ही इसकी लागत इतनी अधिक थी कि वो आम जनता की पहुंच के लगभग बाहर ही था।

इन्हीं समस्याओं के समाधान तथा राज्य की जनता को Health Emergency में सस्ती एवं सर्वसुलभ एयर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की सोंच के साथ इस सेवा का शुभारम्भ किया गया है।

ऐसे एयर एम्बुलेंस की सेवा प्राप्त कर सकेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागर विमानन प्रभाग द्वारा ‘एयर एम्बुलेंस सेवा’ के लिए राज्य स्तरीय एक सेल का गठन किया गया है। अब राज्य की जनता दूरभाष पर सम्पर्क कर अथवा ई-मेल के माध्यम से एयर एम्बुलेंस की सेवा प्राप्त कर सकती है।

आवेदक को दूरभाष पर ही गंतव्य के अनुसार संभावित व्यय से अवगत कराया जायेगा। आवेदक की सहमति के उपरांत एयर एम्बुलेंस ऑपरेटर द्वारा 2 घंटे के अंदर एयरक्राफ्ट को तैयार करने का प्रावधान रखा गया है, ताकि जरूरतमंद को जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

इस सेवा के अंतर्गत आम नागरिकों की सहूलियत के लिए फ्लाईट को रि-शिड्यूल (Re-schedule) करने का प्रावधान भी रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्त्तमान में रांची से नई दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, वाराणसी, लखनऊ एवं तिरूपति प्रमुख गंतव्य के रूप में निर्धारित किए गए हैं। रांची के अलावा देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, गिरिडीह एवं दुमका में भी यह सेवा उपलब्ध होगी।

जल्द सैकड़ों एंबुलेंस सेवा राज्य को मिलेगी

हेमंत सोरेन ने कहा कि आज आपकी सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में कड़ी जोड़ने का प्रयास किया है। झारखण्ड की भगौलिक संरचना विषम है। ऐसी स्थिति में स्वास्थ सेवा उपलब्ध कराना एक चुनौती कहीं-कहीं आकर खड़ी होती है।

इस क्रम में लोगों को सैकड़ों एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है। इन परिस्थितियों को देखते, समझते हुए स्वास्थ्य सेवाओं पर कई बदलाव होता रहा है। आज हम लोगों ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में जहां बड़े वाहन नहीं जा सकते हैं। वहां मोटरसाइकिल एंबुलेंस सेवा भी देना प्रारंभ कर दिया है। बहुत जल्द सैकड़ों एंबुलेंस राज्य को मिलने जा रही है।

रिम्‍स में जटिल बीमारियों का इलाज संभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई तकनीकी सहायता भी हम लोग ले रहे हैं। रिम्स को लेकर कई बार सकारात्मक और नकारात्मक सूचनाएं प्राप्त होती हैं। लेकिन रिम्स परिसर में भी सरकार ने दुनिया की बेहतरीन तकनीक से लैस आधुनिक मशीनों को स्थापित किया है। यहां जटिल बीमारियों का भी इलाज संभव हो पा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जब तक मानव जीवन है तब तक चुनौती बना रहेगा, लेकिन इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए हमें कैसे आगे बढ़ना है। यह भी हमें चिंता करने की जरूरत है। आलोचनाएं होनी चाहिए। लेकिन वह बेहतर दिशा के लिए होनी चाहिए।

समारोह में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सहित ये भी मौजूद

इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक इरफान अंसारी, विधायक राजेश कच्छप, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक केएल अग्रवाल, कैप्टन एसपी सिन्हा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

JOIN OUR WHATS APP GROUP

डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *