CG Assembly Question Hour : CG विधानसभा में आज गरमाएंगे कई मुद्दे, पेड़ों की कटाई, मुआवजा और गन्ना किसानों के भुगतान पर सरकार से जवाब तलब

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मुद्दों पर सदन में तीखी बहस होने (CG Assembly Question Hour) के आसार हैं। सत्ता और विपक्ष के विधायकों ने पेड़ों की कटाई, भू-विस्थापितों को मुआवजा, गन्ना उत्पादक किसानों के भुगतान और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल कोल माइंस के विस्तार, उद्योगों के विस्तार और खनन क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई जैसे विषयों पर भी सदन में चर्चा होने की संभावना है। इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री, वन मंत्री और राजस्व मंत्री विधायकों के सवालों का जवाब देंगे।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजे का मुद्दा
प्रश्नकाल में सिंचाई परियोजनाओं और अन्य निर्माण कार्यों के दौरान भूमि अधिग्रहण तथा भू-विस्थापितों को दिए जाने वाले मुआवजे को लेकर भी सवाल उठाए (CG Assembly Question Hour) जाएंगे। साथ ही फर्जी मामलों में मुआवजा दिए जाने के आरोपों पर भी सरकार से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
विधायकों ने उठाए अलग-अलग मुद्दे
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने सहकारी बैंक शाखा डोंगरगढ़ के भवन निर्माण और उससे जुड़ी भूमि की स्थिति को लेकर सवाल पूछा है। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी है कि बैंक अभी किराए के भवन में संचालित हो रहा है या नहीं और उसका मासिक किराया कितना है।
वहीं विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में वर्ष 2023 से जनवरी 2026 तक बिगड़े वनों के सुधार कार्यक्रम के तहत लगाए गए पौधों की संख्या, लागत और उनकी सुरक्षा को लेकर जानकारी मांगी है।
परिवहन और खनन से जुड़े सवाल भी
विधायक ओंकार साहू ने पिछले तीन वर्षों में बिना भौतिक परीक्षण के जारी किए गए फिटनेस प्रमाण पत्रों की संख्या तथा ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन और बिना बीमा वाहनों पर की गई कार्रवाई का विवरण (CG Assembly Question Hour) मांगा है। वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कांकेर जिले के आरीडोंगरी क्षेत्र में गोदावरी इस्पात कंपनी को दी गई खनन भूमि और निविदा प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए हैं।
क्रेशर, अतिक्रमण और आपदा निधि पर भी सवाल
विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में संचालित क्रेशरों की संख्या और उनकी जांच से जुड़ी जानकारी मांगी है। वहीं विधायक संगीता सिन्हा ने संजारी-बालोद क्षेत्र में शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण और उसके खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण मांगा है। इसके अलावा विधायक राजेश मूणत ने आपदा प्रबंधन निधि के तहत जिलों और नगरीय निकायों को दिए गए आवंटन का ब्यौरा मांगा है।
गन्ना किसानों की सुविधाओं पर भी चर्चा
विधायक प्रबोध मिंज ने सरगुजा जिले के केरता शक्कर कारखाने से जुड़े गन्ना उत्पादक किसानों को दी जा रही सुविधाओं, गन्ना खरीदी की मात्रा और चीनी उत्पादन के आंकड़ों की जानकारी (CG Assembly Question Hour) मांगी है। इन सभी मुद्दों पर आज प्रश्नकाल के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है।



