THe passing of kanak tiwari is an irreparable loss: कनक तिवारी का निधन अपूरणीय क्षति

सुपरिचित संविधान वेत्ता, प्रखर वक्ता और गांधीवादी विचारक कनक तिवारी का लंबी बीमारी के बाद 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। यह भी एक संयोग ही है छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व महाधिवक्ता रहे विख्यात कानून विद कनक तिवारी ने भारतीय संविधान दिवस के दिन महाप्रयाण किया। निश्चित रुप से उनका निधन प्रदेश व देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दैनिक नव प्रदेश परिवार ने तो अपना मार्गदर्शक खो दिया है। जब दैनिक नव प्रदेश का साप्ताहिक नव नव प्रदेश के रुप में प्रकाशन प्रारम्भ हुआ था तो इसके पहले अंक से ही कनक तिवारी इससे जुड़े थे और ” खरी-खरी” नामक कालम लिखा करते थे।

उनका यह कालम दैनिक नव प्रदेश में भी लगातार चलता रहा जिस पर विराम उस समय लगा जब वे हाईकोर्ट के महाधिवक्ता नियुक्त हुए। यद्यपि दैनिक नव प्रदेश को उनका मार्गदर्शन, स्नेह और रचनात्मक सहयोग हमेशा मिलता रहा। यह भी एक और संयोग ही रहा कि आज भारतीय संविधान दिवस पर दैनिक नव प्रदेश की ग्रुप मिटिंग में संविधान दिवस पर प्रकाशित संपादकीय पृष्ठ पर प्रकाशित सामग्री पर चर्चा के दौरान कल के अंक में भी विशेष समाचार प्रकाशित करने पर मंथन किया गया तो इस दौरान कनक तिवारी जी का नाम अनायास निकल आया कि यदि वे अस्वस्थ नहीं होते तो संविधान दिवस पर जरुर एक पठनीय आलेख देते।

ग्रुप मिटिंग खत्म होने के बाद ही यह दुखद खबर आई कि कनक तिवारी जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह दैनिक नव प्रदेश परिवार के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई हो ही नहीं सकती। कनक तिवारी जी ने वकालत के पेशे में आने से पहले एक पत्रकार के रुप में जनसेवा की शुरुआत की थी फिर वे एक कालेज में अंग्रेजी के प्राध्यापक बने और फिर वकालत के पेशे में आए। किंतु उनका लेखन सतत् रुप से जारी रहा। दैनिक नव प्रदेश के लिए नियमित स्तंभ लेखन के साथ ही देश – प्रदेश के अन्य समाचार पत्रों में समय – समय पर उनके विचारोत्तेजक आलेख छपते रहे। चूंकि वे विख्यात विधिवेत्ता थे इसलिए उन्होंने संविधान पर भी कई किताबें लिखी जिनमें से ” संविधान का सच”, ” संविधान की पहचान ” और ” संविधान एक शिनाख्त ” उनकी कालजयी कृति हैं।

इसके अलावा जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 125 वीं मनाई गई थी तब गांधीवादी विचारक के रुप में उन्होंने ” हिंद स्वराज ” और ” गांधी व पंचायत राज” नामक किताब लिखी जो बहुत चर्चित हुई थी। वे जितने अच्छे अधिवक्ता थे उतने ही बेहतर वक्ता भी थे। कांग्रेस की जनसभाओं में उनका उद्बोधन श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया करता था। उनके ओजस्वी भाषणों से प्रभावित होकर ही उस समय के अविभाजित मध्यप्रदेश के तात्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उन्हें पूरे मध्यप्रदेश में चुनावी सभाओं में साथ लेकर जाते थे और उन्हें मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल का अध्यक्ष बनाकर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था।

एक अधिवक्ता के रुप में भी कनक तिवारी जी संविधान को राजपथ से जनपथ पर ले जाने के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा तथा जल, जंगल जमीन के लिए लंबी कानूनी लड़ाई भी लड़ी। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनके विराट व्यक्तित्व और कृतित्व पर जितना लिखा जाए कम होगा। उनके निधन पर शोकाकुल दैनिक नव प्रदेश परिवार अपनी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता है इन पंक्तियों के साथ –
हजारों बरस नर्गिस अपनी बेनूरी पर रोती है।
बड़ी मुश्किल से चमन में दीदावर होता है पैदा।

↑
Exit mobile version