नव प्रदेश छत्तीसगढ़ ने एक सप्ताह के भीतर ही राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित कर एक नया इतिहास रच दिया है स्वछता और नगरीय निकायों के बेहतर कार्य निष्पादन के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों तथा बिल्हा नगर पंचायत को राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद अब प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है।
छत्तीसगढ़ को फास्टेस्ट मूवर्स कैटेगिरी में देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।डिजिटल अडाप्शन श्रेणी में बिलासपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है। वहीं एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका को प्रथम तथा दंतेवाड़ा नगर पंचायत को दूसरा स्थान मिला है।
छत्तीसगढ़ को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पुरस्कार मिलना छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता के लिए गर्व की बात है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ठीक ही कहा है कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का सुपरिणाम है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि आगे भी छत्तीसगढ़ हर क्षेत्र में प्रगति के नित प्रतिमान गढ़ता रहेगा और राष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह पुरस्कृत होता रहेगा।
