Our constitution is a sacred text: पवित्र ग्रंथ है हमारा संविधान

दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश हमारा भारत आज हर क्षेत्र में सफलता के सर्वोच्च शिखर पर पहुंच कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है तो इसका सारा श्रेय भारतीय संविधान को जाता है। जिसमें एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के रुप में भारत को मजबूत बनाने के दिशा निर्देश निहित हैं। यह हमे बताता है कि कैसे देश का संचालन किया जाता है और प्रगति के नये आयाम स्थापित किए जा सकते है। भारतीय संविधान सिर्फ कानूनों की एक किताब नहीं है बल्कि पवित्र ग्रंथ है। यह देश की आत्मा है।

जिसका सच्चे मन से सम्मान करना और इसे अपने जीवन में आत्मसात करना देश के प्रत्येक नागरिक का परम पुनीत कर्तव्य है। संविधान की प्रति जेब में या हाथ में लेकर घूमने और संविधान को खतरे में बताने वाले लोगों को यह बात अच्छे से समझ लेनी चाहिए कि हमारा भारतीय संविधान इतना शक्तिशाली है कि कोई भी उसे कमजोर नहीं कर सकता। हमारा संविधान कभी खतरे में नहीं पड़ सकता वह तो देश के सामने मंडराते खतरों से लड़ने की ताकत देता है।

तमाम विपरीत परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों से जूझते हुए भारत की आज दुनिया में ताकत बढ़ रही है तो यह भारतीय संविधान की ही देन है। जो हमे स्वतंत्रता, समानता और न्याय की गारंटी देता है। आजादी के बाद भारतीय संविधान का निर्माण एक बेहद चुनौती पूर्ण कार्य था लेकिन प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता वाली संविधान सभा और डा. भीमराव आंबेडकर की अध्यक्षता वाली संविधान प्रारुप समिति ने दो साल ग्यारह माह और अठारह दिन के अथक परिश्रम से दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान बना दिया जिसे 26 जनवरी 1950 से लागू किया गया।

भारतीय संविधान के निर्माण में सबसे अग्रणी भूमिका निभाने वाले डा. बी आर आम्बेडकर के योगदान और उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने डा. बी आर आम्बेडकर की 125 वीं जयंती 26 नवंबर से हर साल संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया। जिसका उद्देश्य डा. आम्बेडकर के योगदान को याद रखना और देशवासियों में संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

हमारे संविधान ने मौलिक अधिकारों की सुरक्षा तो सुनिश्चित की ही है साथ ही नागरिकों के कर्तव्य भी निर्धारित किए हैं किंतु अधिकांश लोग सिर्फ अपने मौलिक अधिकारों पर ही ध्यान केंद्रित रखते हैं और इसे लेकर लड़ाई भी लड़ते हैं। मौलिक अधिकारों की मांग को लेकर सड़क की लड़ाई लड़ी भी जानी चाहिए क्योंकि कहते हैं न कि जब सड़कें सूनी हो जाती हैं तो संसद आवारा हो जाती है किंतु हमे अपने कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए। जो लोग यह सवाल उठाते हैं कि देश ने हमारे लिए क्या किया उन्हें खुद से भी यह सवाल करना चाहिए कि उन्होंने देश के लिए क्या किया है?

अपने राजनीतिक फायदे के लिए एक दूसरे पर संविधान की हत्या करने या संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाने वालों को भी इस तरह का आरोप प्रत्यारोप लगाने से बाज आना चाहिए। इस तरह के आरोप भारतीय संविधान की प्रतिष्ठा को धूमिल करते हैं। भारतीय संविधान पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। जिस तरह हम अपने धार्मिक ग्रन्थों का सम्मान करते हैं उसी तरह हमे भारतीय संविधान को भी पवित्र ग्रंथ के रुप में अंगीकार करना चाहिए और सम्मान देना चाहिए।

↑
Exit mobile version