A stamp on India’s growing strength: भारत की बढ़ती ताकत पर मुहर

इसमें कोई दो मत नहीं कि हमारा भारत (A stamp on India’s growing strength) तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के सपने को साकार करने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में हमारे देश में कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। एक वैश्विक सर्वे में भारत को उन चार अग्रणी देशों में से एक माना गया है जो सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

इसी बीच विश्व बैंक की भी रिपोर्ट आई है। जिसमें इस बात की पुष्टि की गई है कि पिछले बारह सालों के दौरान भारत के पचास करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और लोगों का जीवन स्तर सुधर रहा है। यह नामुमकिन काम मुमकिन हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और सशक्त नेतृत्व क्षमता से।

जिन्हें पिछले एक दशक के दौरान दुनिया के सैंतीस देशों ने अपने राष्ट्र के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा हैं। इनमें ग्यारह मुस्लिम देश भी शामिल हैं। विश्व के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्राध्यक्ष के रुप में उनका नाम शामिल रहा है। इसी कड़ी में भारत का दबदबा उस समय और बढ़ गया जब आस्ट्रेलिया के विश्व विख्यात थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट ने एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत को एक बार फिर एशिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बताया।

इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत अमेरिका और चीन के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। उसने रुस और जापान को बहुत पीछे छोड़ दिया है। यही नहीं बल्कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता भी बताया गया है। एक अन्य सर्वे में पीएम मोदी को पहले ही दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया जा चुका है।

भारत की बढ़ती ताकत पर अब वैश्विक संगठन अपनी सहमति की मुहर लगा रहे हैं जो 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है। भारत का चहुंमुखी विकास दिख भी रहा है। यहां प्रतिदिन 37 किलोमीटर हाइवे 12 किलोमीटर रेल लाइन, हर दिन दो नये कालेज तथा हर माह एक नया एयरपोर्ट बन रहा है। हर दिन पीएम आवास योजना के तहत 25 हजार नये घर बन रहे हैं। कृषि और उद्योग के क्षेत्र में भारत प्रगति के नित नये प्रतिमान गढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र और अंतरिक्ष में भी भारत की ताकत का लोहा सारी दुनिया मान रही है।

भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। भारत की यह तरक्की हमारे देश के विपक्ष को नहीं दिख रही है यह हैरत की बात है। बहरहाल भारत सही दिशा में आगे बढ़ रहा है उसके प्रगति की रफ़्तार को देख कर यह कहा जा सकता है कि वह 2047 तक विश्व के विकसित देशों की सूची में अग्रणी स्थान दर्ज कराने में निश्चित रुप से सफल होगा।

↑
Exit mobile version