Editorial: अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता एक बार फिर बाधित होने की संभावना बढ़ गई है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका ने होर्मूज की नाकेबंदी को हटाने से इंकार कर दिया था। जबकि ईरान ने होर्मूज को खोलने का ऐलान कर दिया था। किन्तु अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब तक ईरान से समझौता नहीं हो जाता तब तक होर्मूज की नाकेबंदी जारी रखने की घोषणा करके ईरान को फिर से सख्ती बरतनें पर मजबूर कर दिया। नतीजतन अब ईरान ने फिर से होर्मूज को बंद कर दिया है और इस बार तो उसने इस कदर कड़ा रूख अख्तियार किया है कि मित्र राष्ट्रों के जहाजों को गुजरने की इजाजत नहीं दे रहा है।
अब तक तेल और गैस लेकर भारतीय जहाज आसानी से आ रहे थे लेकिन अब ईरान ने न सिर्फ भारतीय जहाजों को रोक दिया है बल्कि उसने दो भारतीय जहाजों पर फायरिंग भी कर दी थी। हालांकि इस पर भारत ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है और नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को बुलाकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। भारत का कहना ठीक है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग में भारत ने तटस्थ रूख अपनाया है और वह शुरू से आपसी बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की वकालत करता रहा है। भारत और ईरान के बीच बहुत पुराने मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं।
ऐसे में भारतीय जहाजों को ईरान द्वारा निशाना बनाना घोर आपत्तिजक है गौरतलब है कि खाड़ी देशों से भारत को 40 प्रतिशत से ज्यादा कच्चे तेल और गैस की आर्पूति होती है और इसके जहाज होर्मूज से होकर ही भारत आते हैं। अब भारत के जहजों को रोक कर ईरान ने भारत के लिए भी संकट पैदा कर दिया है। ईरान की इस कार्यवाही से अब भारत और ईरान के बीच संबंधों में खटास आ सकती है। उम्मीद की जा रही है कि ईरान भारत के जहाजों को पूर्ववत् होर्मूज से गुजरने की अनुमति दे देगा अन्यथा भारत सहित जिन अन्य मित्र राष्ट्रों के जहाजों को भी उसने अमेरिका के साथ चल रही तनातनी के चलते रोकने का फैसला किया है इससे वह मित्र राष्ट्रों की सहानुभूति भी खो देगा।
वैसे भी ईरान इस जंग में दुनिया से अलग थलग पड़ चुका है। बहरहाल होर्मूज पर ईरान और अमेरिका के बीच फिर से तनाव बढ़ जाने के कारण अब दूसरे दौर की बातचीत पर भी संदेह के बादल मंडराने लगे हैं। एक खबर के मुताबिक तो ईरान ने दूसरे दौर की बातचीत से इंकार भी कर दिया है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को आखरी कड़ी चेतावनी दी है दो दिन बाद दोनों देशों के बीच सीजफायर खत्म हो रहा है और इस बीच इनकी तनातनी दूर नहीं हुई तो एक बार फिर जंग ए हालात निर्मित हो सकते हैं।
