Raipur News Valentine Day : वैलेंटाइन डे पर कमिश्नरेट पुलिस की कड़ी नजर, पार्क-मॉल-मंदिरों में सुबह से सख्त पहरा, हुड़दंग पर होगी त्वरित कार्रवाई

वैलेंटाइन डे के मद्देनज़र राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था (Raipur News Valentine Day) लागू कर दी है। शुक्रवार सुबह से ही शहर के प्रमुख पार्क, गार्डन, मॉल और मंदिरों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कमिश्नर ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर किसी ने भी कानून हाथ में लेने की कोशिश की या शांति भंग की, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा की निगरानी तीन डीसीपी, तीन अतिरिक्त डीसीपी, आधा दर्जन से अधिक एसीपी और 21 थानों के प्रभारी कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन का फोकस सार्वजनिक स्थानों पर शांति, महिलाओं की सुरक्षा और आम नागरिकों की निर्बाध आवाजाही पर है।
सुबह से ही पुलिस बल प्रमुख बाजारों, मॉल, पार्क, गार्डन और धार्मिक स्थलों पर मुस्तैद है। कई स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां एक कॉल पर पुलिस तत्काल मौके (Raipur News Valentine Day) पर पहुंच सकेगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा 112 कंट्रोल रूम और सभी थाना स्टाफ को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
वैलेंटाइन डे को लेकर शहर में अलग-अलग संगठनों की गतिविधियों को भी पुलिस सतर्कता से मॉनिटर कर रही है। इसी कड़ी में बजरंग दल ने पश्चिमी संस्कृति के विरोध में कुछ पार्कों में जाकर प्रेमी जोड़ों से अपील की और अश्लीलता के खिलाफ सख्ती की बात कही। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी तरह के हुड़दंग (Raipur News Valentine Day) से दूर रहें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



