LPG Cylinder Shortage : बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर, कई शहरों में लंबी कतारें, सरकार बोली- स्टॉक पर्याप्त

देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई शहरों में उपभोक्ताओं को बुकिंग के कई दिन बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जबकि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
हालांकि सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद (LPG Cylinder Shortage) है, लेकिन सप्लाई चेन में आई बाधाओं की वजह से कुछ जगहों पर अस्थायी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
गैस एजेंसियों के बाहर लगी कतारें
देश के कई शहरों में उपभोक्ता गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कुछ इलाकों में तो लोगों को कई दिनों तक सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है। विशेष रूप से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं।
रेलवे कैटरिंग सेवाओं पर भी असर
एलपीजी संकट का असर अब भारतीय रेलवे की खानपान सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक IRCTC ने कैटरिंग यूनिट्स को माइक्रोवेव और इंडक्शन जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने के निर्देश (LPG Cylinder Shortage) दिए हैं। स्थिति बिगड़ने पर कुछ ट्रेनों में अस्थायी रूप से पका हुआ भोजन बंद करने और यात्रियों को रिफंड देने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
पुडुचेरी में होटल बंद होने का खतरा
कमर्शियल गैस की कमी के कारण पुडुचेरी के होटल उद्योग पर भी संकट मंडरा रहा है। होटल एसोसिएशन के मुताबिक कई होटल मालिक अब लकड़ी जलाकर खाना बना रहे हैं या इलेक्ट्रिक कुकर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि कुछ ने अपने काम के घंटे भी घटा दिए हैं।
दिल्ली में छोटे रेस्टोरेंट प्रभावित
राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में छोटे रेस्टोरेंट संचालकों को भी गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है। रमजान के दौरान मांग बढ़ने के बावजूद गैस सप्लाई बाधित होने से कई होटल बंद हो चुके हैं, जबकि कुछ बंद होने की कगार पर हैं।
क्या है संकट की वजह
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण गैस सप्लाई (LPG Cylinder Shortage) प्रभावित हुई है। इसका असर भारत समेत कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। फिलहाल उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी चिंता यह है कि रसोई गैस की सप्लाई कब तक सामान्य होगी और बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में लगने वाला समय कब कम होगा।



